Breaking News

अम्बिकापुर@घुनघुट्टा बांध में डूबे 19 वर्षीय युवक का शव मिला,गेट के पास फंसा था

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। घुनघुट्टा बांध में गुरुवार की दोपहर छलांग लगाने वाले 19 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को करीब 1 बजे एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। युवक का शव बांध के गेट के पास पानी में फंसा मिला। टीम ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मणिपुर थाना क्षेत्र निवासी रितिक गुरुवार दोपहर करीब 3 से 4 बजे स्कूटी से शहर से लगभग 10 किलोमीटर दूर घुनघुट्टा बांध पहुंचा था। बांध में इन दिनों पानी लबालब भरा हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक ने बांध के ऊंचाई वाले हिस्से से पानी में छलांग लगा दी। वहां मौजूद मछुआरों ने उसे डूबते देखा तो बचाने के लिए पानी में उतरे,लेकिन युवक गहरे पानी में चला गया और उनका पता नहीं चल सका। सूचना मिलने पर दरिमा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई गई। शाम होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। शुक्रवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दोबारा तलाश शुरू की। कई घंटे की मशक्कत के बाद टीम को युवक का शव बांध के गेट के पास फंसा मिला। युवक की मौत की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। बताया जा रहा है कि उसने घटना से एक दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘आशिकी-2’ से संबंधित स्टेटस लगाया था। पुलिस उसके सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ 40 लाख का सौदा,फर्जी दस्तावेज और आदिवासी जमीन… अब कर्मचारियों-अधिकारियों की भूमिका पर भी उठा सवाल

Share जमीन के खरीदार तक पहुंची पुलिस…अब ‘फर्जी कागज’ बनाने वालों की बारी? शिकायत से …

Leave a Reply