Breaking News

अम्बिकापुर@डीजे की आवाज कम करने कहा तो मां-बेटे पर हमला, नाबालिग के पेट में कैंची लगने से हालत गंभीर

Share


गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद, मां के हाथ में भी आई गंभीर चोट; दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच जारी

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,25 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और हमले में बदल गया। खैरबार रोड स्थित घुटरापारा में डीजे की आवाज कम करने की बात कहना एक महिला और उसके नाबालिग बेटे को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद के बाद वहां मौजूद महिला-पुरुषों ने मां-बेटे के साथ मारपीट की और धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में नाबालिग के पेट में कैंची लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी मां के हाथ में भी गंभीर चोट आई है। जानकारी के अनुसार घुटरापारा में गणेश प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे काफी तेज आवाज में बजाया जा रहा था। इसी बीच स्थानीय निवासी मंजू गुप्ता और उनके नाबालिग बेटे ने डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप-प्रत्यारोप के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान वहां मौजूद महिला-पुरुषों ने मंजू गुप्ता और उनके बेटे के साथ मारपीट की। इसी दौरान धारदार वस्तु से हमला किए जाने से मंजू के हाथ में गंभीर चोट आई। वहीं,उनके नाबालिग बेटे के पेट में कैंची लग गई। पेट में गंभीर चोट लगने के बाद नाबालिग की हालत बिगड़ गई और उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
आईसीयू में भर्ती है घायल नाबालिग : अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद नाबालिग की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। वहीं,मारपीट और हमले की पूरी घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है,जिसके आधार पर पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है।
मां की शिकायत पर दो आरोपी गिरफ्तार : घटना के संबंध में मंजू गुप्ता की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घुटरापारा निवासी गुड्डू गुप्ता,उम्र 35 वर्ष, और उसकी पत्नी पिंकी गुप्ता,उम्र 34 वर्ष, को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज,प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद के दौरान कौन-कौन लोग मौके पर मौजूद थे और मारपीट तथा हमले में उनकी क्या भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी,उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ 40 लाख का सौदा,फर्जी दस्तावेज और आदिवासी जमीन… अब कर्मचारियों-अधिकारियों की भूमिका पर भी उठा सवाल

Share जमीन के खरीदार तक पहुंची पुलिस…अब ‘फर्जी कागज’ बनाने वालों की बारी? शिकायत से …

Leave a Reply