अंबिकापुर में 29.2 डिग्री अधिकतम और 23 डिग्री न्यूनतम तापमान, 25-26 सितंबर को बारिश बढऩे का अनुमान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,24 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के बीच सरगुजा संभाग में अगले दो-तीन दिनों तक मौसम बदला रहेगा। अंबिकापुर समेत संभाग के कई हिस्सों में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव नहीं होने का अनुमान है। अंबिकापुर में पिछले 24 घंटे के दौरान 29.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा,जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। इस दौरान शहर में करीब 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर को संभाग के अधिकांश हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। 25 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। वहीं 26 सितंबर को भी प्रदेश में भारी बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसके बाद 27 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है, जबकि 28 से 30 सितंबर के बीच मौसम में धीरे-धीरे सुधार के आसार हैं।
गहरे अवदाब के असर से बदला मौसम : मौसम में बदलाव का प्रमुख कारण उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास बना गहरा अवदाब है। आईएमडी के अनुसार 24 सितंबर की सुबह यह तंत्र उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के आसपास सक्रिय था तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढऩे का अनुमान है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur