Breaking News

सोनहत@ धुम्माडांड,कॉलेज मार्ग,उरांवपारा और फारेस्ट चौक से तहसील कार्यालय तक बदहाल सड़कें;तीन साल पहले स्वीकृत सीसी सड़क अब तक अधूरी

Share


राजन पाण्डेय
सोनहत,24 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
विकासखंड मुख्यालय सोनहत में सड़क और प्रकाश व्यवस्था की बदहाली अब आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। मुख्य मार्गों से लेकर वार्डों की सड़कों और रिहायशी इलाकों की गलियों तक जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं, दूसरी ओर कई स्थानों पर लगी स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, ऐसे में सूर्यास्त के बाद कई प्रमुख मार्गों और वार्डों में अंधेरा छा जाता है, जर्जर सड़क और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से पैदल राहगीरों के साथ दुपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हादसों को दावत दे रहे सड़क के गड्ढे- सोनहत मुख्यालय के कई मार्ग लंबे समय से मरम्मत के इंतजार में हैं, सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है,स्थानीय लोगों के अनुसार दुपहिया वाहन चालकों के लिए ऐसे मार्गों से गुजरना विशेष रूप से जोखिम भरा हो गया है, रात के समय सड़क पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी और बढ़ जाती है, स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण कई बार वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
उरांवपारा में तीन साल से स्वीकृति के बाद भी सड़क का इंतजार- उरांवपारा पहुंच मार्ग की स्थिति भी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है,स्थानीय लोगों के अनुसार पिछली सरकार के कार्यकाल में लगभग एक किलोमीटर के आसपास पक्की सड़क का निर्माण कराया गया था,लेकिन इसके आगे बस्ती तक पहुंचने वाला मार्ग अब भी खराब है, बरसात के दौरान इस मार्ग पर कीचड़ और फिसलन के कारण ग्रामीणों को परेशानी होती है, बारिश खत्म होने के बाद सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे आवागमन में बाधा बनते हैं, ग्रामीणों का कहना है कि उरांवपारा बस्ती तक सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। इसी क्रम में पूर्व विधायक द्वारा करीब 100 मीटर सीसी सड़क निर्माण की स्वीकृति दी गई थी,ग्रामीणों के अनुसार इसकी राशि करीब तीन वर्ष पहले जारी हो चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है, राशि जारी होने के बावजूद सड़क निर्माण नहीं होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है, उनका सवाल है कि जब कार्य की स्वीकृति और राशि उपलब्ध है तो निर्माण कार्य अब तक लंबित क्यों है।
फारेस्ट चौक से तहसील कार्यालय मार्ग भी बदहाल- फारेस्ट चौक से तहसील कार्यालय तक जाने वाले मार्ग की स्थिति भी खराब बताई जा रही है, तहसील कार्यालय के आसपास सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे हैं, स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है,इसके साथ ही इस मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटों के बंद होने से शाम और रात के समय लोगों की परेशानी बढ़ जाती है, तहसील कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण स्थान को जोड़ने वाले मार्ग की स्थिति सुधारने की मांग भी स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है।
बंद स्ट्रीट लाइटों से बढ़ी परेशानी- सोनहत के कई वार्डों और प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी होने की शिकायत सामने आ रही है,स्थानीय लोगों के अनुसार खराब लाइटों को सुधारने या बदलने की मांग कई बार संबंधित जिम्मेदारों तक पहुंचाई गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, सड़क पर गड्ढे और ऊपर से अंधेरा होने के कारण रात में आवागमन करने वालों को विशेष परेशानी होती है, लोगों का कहना है कि स्ट्रीट लाइटों का नियमित रखरखाव नहीं होने से सरकारी संसाधनों का उद्देश्य भी प्रभावित हो रहा है।
मूलभूत सुविधाओं के रखरखाव पर उठे सवाल-स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क और प्रकाश व्यवस्था किसी भी ब्लॉक मुख्यालय की बुनियादी सुविधाओं में शामिल है, मुख्यालय के प्रमुख मार्गों और वार्डों में नियमित मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइटों का रखरखाव होना चाहिए, लोगों का आरोप है कि शिकायतों और मांगों के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है, ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत,उरांवपारा में स्वीकृत 100 मीटर सीसी सड़क का निर्माण तथा बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की मांग की है,अब देखना होगा कि लंबे समय से लंबित इन समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार विभाग कब ठोस कदम उठाता है।
धुम्माडांड मुख्य मार्ग की हालत खराब
सोनहत ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाला धुम्माडांड मुख्य मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन मार्ग है,यह मार्ग आसपास के कई गांवों को सोनहत मुख्यालय से जोड़ता है,लेकिन सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है,ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की आवश्यक मरम्मत नहीं होने के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। मार्ग के सुधार की मांग अब लगातार उठ रही है।
कॉलेज मार्ग पर विद्यार्थियों को भी परेशानी
भारत नदी से कॉलेज और आगे हसदो नदी तक जाने वाला मार्ग भी जर्जर स्थिति में बताया जा रहा है, इस मार्ग से विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन होता है,सड़क पर बने गड्ढों के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है, रात में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण इस मार्ग की स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो जाती है,स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कराने की मांग की है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ मानवता की सेवा में कोरिया पुलिस की पहल,जिला स्तरीय रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह

Share कलेक्टर रोक्तिमा यादव और एसपी हरीश राठौर की मौजूदगी में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर …

Leave a Reply