Breaking News

रायपुर@मंत्रालय बस अग्निकांड…कर्मचारियों के विरोध के बाद प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला,सभी बसों की होगी तकनीकी जांच

Share

रायपुर,24 सितम्बर 2026। नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों के विरोध और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच प्रशासन ने कई अहम फैसले लिए हैं। शनिवार और रविवार को मंत्रालय की सभी स्टाफ बसों का विशेष संयुक्त तकनीकी परीक्षण कराया जाएगा। जांच में जो बसें अनफिट पाई जाएंगी, उन्हें तत्काल सेवा से बाहर किया जाएगा। दरअसल, 23 सितंबर की शाम मंत्रालय कर्मचारियों को लेकर लौट रही बस क्रमांक 3073 में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना राखी थाना क्षेत्र में हुई। बस में सवार कर्मचारियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
आग की घटना के बाद कर्मचारियों में बढ़ा आक्रोश : बस अग्निकांड के बाद 24 सितंबर को मंत्रालय कर्मचारियों का गुस्सा सामने आया। मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी मंत्रालय के डी-गेट के सामने एकत्र हुए और बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि मंत्रालय स्टाफ को लाने-ले जाने वाली कई बसें काफी पुरानी और खराब स्थिति में हैं। उनका कहना है कि बसों की स्थिति को लेकर पहले भी अधिकारियों को कई बार शिकायत की गई थी। कर्मचारियों के मुताबिक, कुछ बसें मंत्रालय आते-जाते समय रास्ते में कई बार बंद तक हो जाती थीं। कर्मचारियों ने सभी स्टाफ बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति की निष्पक्ष जांच कराने, पुरानी बसों को हटाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
प्रशासन के निर्देश के अनुसार आगामी शनिवार और रविवार को परिवहन विभाग की ओर से मंत्रालय की सभी स्टाफ बसों का संयुक्त तकनीकी परीक्षण किया जाएगा। जांच के दौरान बसों की फिटनेस और तकनीकी स्थिति को देखा जाएगा।
आपात बैठक में प्रशासन ने लिए कई फैसले
कर्मचारियों के विरोध के बाद सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव की अध्यक्षता में आपात उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई। इसमें एनआरडीए, नगर निगम, बस ऑपरेटर और मंत्रालय कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में बसों की खराब स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों और बस ऑपरेटर से जवाब-तलब किया गया। कर्मचारी संघ की ओर से रखी गई मांगों पर चर्चा के बाद प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ मानवता की सेवा में कोरिया पुलिस की पहल,जिला स्तरीय रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह

Share कलेक्टर रोक्तिमा यादव और एसपी हरीश राठौर की मौजूदगी में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर …

Leave a Reply