ईडी ने मनी लॉन्डि्रंग केस में लिया एक्शन,दुबई-हांगकांग-चीन तक भेजी रकम…
रायपुर,24 सितम्बर 2026। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्डि्रंग मामले में केके श्रीवास्तव की करीब 3 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क करने का आदेश जारी किया है। केके छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी बताए जाते हैं। आरोप है कि केके पूर्व सीएम के लिए तांत्रिक पूजा करवाते थे। ईडी ने यह कार्रवाई रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज एफआईआर और छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से दाखिल चार्जशीट के आधार पर की है। केके पर मामले में धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक धमकी और आपराधिक साजिश के आरोप हैं। 22 सितंबर को केके की चल-अचल संपत्तियों को अनंतिम रूप से कुर्क करने का आदेश जारी किया गया। इसके बाद 23 सितंबर को रायपुर की विशेष पीएमएलए कोर्ट में उनके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई। दो महीने पहले ईडी ने जांच के लिए केके श्रीवास्तव को रिमांड पर लिया था। ईडी की जांच में सामने आया है कि ठगी की रकम शेल कंपनियों के जरिए दुबई, हांगकांग और चीन में मौजूद लाभार्थियों तक भेजी गई। जांच के अनुसार, जून 2023 में केके श्रीवास्तव ने रू/ह्य रावत एसोसिएट्स के प्रोपराइटर को रायपुर स्मार्ट सिटी की करीब 500 करोड़ रुपए की परियोजना में सब-कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का दावा किया। इसके लिए 15 करोड़ रुपए की परफॉर्मेंस सिक्योरिटी मांगी गई। इसके बाद व्हाट्सऐप के जरिए बताए गए पांच बैंक खातों में 15 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए।
पांच खातों में ट्रांसफर हुई रकम :ईडी के मुताबिक, जांच में सामने आया कि जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई, वे कथित खाताधारकों की जानकारी के बिना धोखाधड़ी से खोले गए थे। संबंधित संस्थाएं अपने पंजीकृत पतों पर भी मौजूद नहीं मिलीं।
शेल कंपनियों के जरिए विदेश भेजी रकम : ईडी का दावा है कि ठगी की रकम को शेल और कंड्यूट संस्थाओं के नेटवर्क के जरिए कई स्तरों पर घुमाया गया। इसके बाद माल ढुलाई शुल्क और कंटेनर लीजिंग जैसे कारोबारी विवरणों के जरिए रकम दुबई, हांगकांग, चीन और सिंगापुर में स्थित लाभार्थियों तक भेजी गई। जांच एजेंसी के अनुसार, 15 करोड़ रुपए में से 3.40 करोड़ रुपए पीडि़त को वापस किए गए, जबकि 11.60 करोड़ रुपए की रकम वापस नहीं हुई। केके श्रीवास्तव को ईडी ने 30 जुलाई 2026 को पीएमएलए की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया था। स्पेशल कोर्ट ने उन्हें ईडी की हिरासत में भेजा था। अब संपत्ति कुर्क करने और अभियोजन शिकायत दाखिल करने के बाद मामले में आगे की जांच जारी है।
पूर्व सीएम के लिए तांत्रिक पूजा करने का आरोप
केके श्रीवास्तव का नाम इससे पहले भी राजनीतिक हलकों में चर्चा में रहा है। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कथित तांत्रिक बताया जाता रहा है। उनके खिलाफ रायपुर के तेलीबांधा थाने में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। इसी केस के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्डि्रंग की जांच शुरू की। जांच एजेंसी के मुताबिक, श्रीवास्तव पर रायपुर स्मार्ट सिटी की करीब 500 करोड़ रुपए की परियोजना में सब-कॉन्ट्रैक्ट दिलाने का झांसा देकर 15 करोड़ रुपए लेने का आरोप है। ईडी ने मामले में 3.25 करोड़ रुपए की संपत्तियां अनंतिम रूप से कुर्क की हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur