छत्तीसगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को प्रभारी बनाया गया
नई दिल्ली,23 सितम्बर 2026 । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए देश के सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों की नई नियुक्तियां की हैं। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उन्हें हरियाणा का भी प्रभार दिया गया है, जबकि सिद्धार्थ शंभु को सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले भाजपा की नई टीम में स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था। संगठनात्मक राजनीति में उनकी सक्रिय भूमिका और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान को देखते हुए उन्हें महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा थी। भाजपा के केंद्रीय कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार,सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। नई सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्रियों,सांसदों और संगठन के अनुभवी नेताओं को विभिन्न राज्यों की जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार,अंडमान-निकोबार के प्रभारी जय प्रकाश (दिल्ली), अरुणाचल प्रदेश के प्रभारी डॉ. देवेश कुमार (बिहार) और आंध्र प्रदेश के प्रभारी डॉ. अरविंद भदौरिया होंगे। आंध्र प्रदेश में वनथी श्रीनिवासन को सह-प्रभारी बनाया गया है। असम की जिम्मेदारी मंगल पांडे को दी गई है,जबकि फांगनोन कोन्याक और मनोज टिग्गा सह-प्रभारी होंगे। बिहार का प्रभार हरीश द्विवेदी को सौंपा गया है। उनके साथ संगीता यादव और रोहन गुप्ता सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। चंडीगढ़ के प्रभारी महेंद्र पांडे होंगे। छत्तीसगढ़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाया गया है। दादरा नगर हवेली और दमन-दीव की जिम्मेदारी वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी को दी गई है। दिल्ली में डॉ. विनय सहस्रबुद्धे प्रभारी होंगे। उनके साथ जामयांग त्सेरिंग नामग्याल और दर्शनाबेन जरदोश सह-प्रभारी के रूप में काम करेंगी। गोवा में डॉ. भारती प्रवीण पवार को प्रभारी और अनिल एंटनी को सह-प्रभारी बनाया गया है। गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य का प्रभार राष्ट्रीय मुख्यालय के प्रभारी और राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को सौंपा गया है। उनके साथ अजय महावर और गोमती साई सह-प्रभारी होंगे। हरियाणा में भी स्मृति ईरानी को प्रभारी बनाया गया है,जबकि डॉ. भोला सिंह सह-प्रभारी होंगे। हिमाचल प्रदेश में श्रीकांत शर्मा प्रभारी और दर्शना सिंह सह-प्रभारी होंगी। जम्मू-कश्मीर में डॉ. सतीश पूनिया को प्रभारी और रीना कश्यप को सह-प्रभारी बनाया गया है। झारखंड में गजेंद्र पटेल प्रभारी होंगे। सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह (बिहार) सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगी। कर्नाटक का प्रभार हरीश द्विवेदी को दिया गया है और डॉ. कसम वेंकटेश्वरलू सह-प्रभारी होंगे। केरल में प्रो. एम. नागराजा प्रभारी और एम. वेंकटेशन सह-प्रभारी बनाए गए हैं। लद्दाख में राजकुमार भाटिया (दिल्ली) और लक्षद्वीप में जॉर्ज कुरियन को प्रभारी बनाया गया है। मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को प्रभारी और रेखा वर्मा को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। महाराष्ट्र में बैजयंत जय पांडा प्रभारी होंगे। उनके साथ अमित मालवीय,सदानंद शेट तनावड़े और कमलजीत सहरावत सह-प्रभारी बनाए गए हैं। मणिपुर में डॉ. राजदीप रॉय, मिजोरम में डॉ. भगवत कराड,नगालैंड में अनिल एंटनी और पुडुचेरी में के. सुरेंद्रन को प्रभारी नियुक्त किया गया है। राजस्थान में संजय भाटिया को प्रभारी बनाया गया है। कविता पाटीदार और कुलजीत चहल सह-प्रभारी होंगे। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का प्रभार विनोद तावड़े को सौंपा गया है। उनके साथ जगदीश पटेल, मेधा कुलकर्णी, डॉ. प्रदीप वर्मा और अनंत ओझा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उत्तराखंड में राम माधव प्रभारी होंगे,जबकि अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज सह-प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगी। पश्चिम बंगाल का प्रभार सुनील बंसल को दिया गया है। उनके साथ लाल सिंह आर्य,राजेंद्र सिंह (बिहार) और पिंकी कुशवाहा (बिहार) सह-प्रभारी होंगे। भाजपा की नई नियुक्तियों को संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों में संगठनात्मक अनुभव रखने वाले नेताओं के साथ पूर्व मंत्रियों और सांसदों को भी जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ प्रभारी बनाए जाने पर सीएम साय ने दी बधाई,बोले…संगठन और जनसेवा के संकल्प को मिलेगी मजबूती
भाजपा की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर स्मृति ईरानी और नवनियुक्त सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू को भी शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने पोस्ट में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर वह उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी का दीर्घकालिक राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा और संगठन के प्रति समर्पण छत्तीसगढ़ में भाजपा के संगठन तथा जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगा।
सिद्धार्थ शम्भू को भी दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने पर सिद्धार्थ शम्भू को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ शम्भू की सक्रिय सहभागिता से संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलेगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने भाजपा की ओर से विभिन्न राज्यों में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों को भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur