उदयपुर की सूरज भारत गैस एजेंसी का गोदाम सील,स्टॉक में भी मिला अंतर…उपभोक्ताओं ने दुर्व्यवहार और अवैध वसूली की शिकायतें कीं
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर सरगुजा को मिली शिकायतों के बाद बुधवार को गठित जांच टीम ने उदयपुर स्थित सूरज भारत गैस एजेंसी के गोदाम की जांच की। जांच में बड़ी संख्या में अनियमितताएं सामने आने के बाद टीम ने गोदाम को सील कर दिया। टीम को 214 खाली सिलेंडरों के बीच 42 भरे हुए सिलेंडर मिले। इन सिलेंडरों की सील टूटी हुई थी। वजन कराने पर इनमें से करीब 11 सिलेंडरों में 5 से 10 किलो तक गैस कम मिली। एजेंसी के स्टॉक में भी अंतर पाया गया। जांच के दौरान भारत गैस के गोदाम में इंडेन कंपनी के 32 खाली सिलेंडर भी मिले। दूसरी कंपनी के सिलेंडर गोदाम में रखे जाने को भी जांच में शामिल किया गया है। टीम ने सिलेंडरों के ढक्कन, रेपर और अन्य सामग्री को साक्ष्य के तौर पर जब्त किया है। जांच के दौरान मौजूद उपभोक्ताओं और शिकायतकर्ताओं ने एजेंसी के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराईं। आरोप लगाया गया कि गैस सिलेंडर के नंबर का मिलान नहीं होने पर दूसरी बार रिफिल देने से मना किया जाता था। गैस उपलब्ध कराने के नाम पर अतिरिक्त राशि मांगने की शिकायत भी की गई। कुछ शिकायतकर्ताओं ने सिलेंडरों को कथित तौर पर ब्लैक में 2 से 3 हजार रुपए तक में बेचने का आरोप लगाया। इसके अलावा केवाईसी के नाम पर डिलीवरी ओटीपी लेने के बाद गैस नहीं देने, घर पहुंच सेवा उपलब्ध नहीं कराने और रिफिल के समय अतिरिक्त राशि वसूलने की शिकायतें भी सामने आईं।
उपभोक्ताओं ने एजेंसी संचालक व कर्मचारियों पर कथित रूप से गाली-गलौज, दुर्व्यवहार, मारपीट और धमकी देने के आरोप भी लगाए। कुछ मामलों में थाने में शिकायत किए जाने की बात भी सामने आई। जांच के दौरान झिरमिटी ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, गैस उपभोक्ताओं और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया गया। इसके बाद गैस गोदाम को सील कर दिया गया। बाद में ग्राम पंचायत भवन उदयपुर में उपभोक्ताओं के बयान दर्ज किए गए।
एजेंसी संचालक द्वारा अन्य स्थानों पर भी गैस सिलेंडर रखे जाने की सूचना मिलने पर उन स्थानों की जांच के लिए टीम रवाना की गई है। जांच टीम में सहायक खाद्य अधिकारी अंबिकापुर चित्रकांत ध्रुव, खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह, राजन कश्यप, नवीन सिंह, अनिमा भगत सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। फिलहाल जांच जारी है। जब्त सामग्री, स्टॉक मिलान, सिलेंडरों के वजन और उपभोक्ताओं के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur