दादी-नातिन समेत एक ही परिवार के चार लोग घायल,वृद्धा आईसीयू में भर्ती

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। उदयपुर क्षेत्र के ग्राम देवटीकरा में खेत में काम कर रहे और मवेशी चरा रहे एक ही परिवार के चार लोगों पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में वृद्धा,चार वर्षीय बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है। वृद्धा की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में रखा गया है। जानकारी के अनुसार ग्राम देवटीकरा निवासी अजय यादव (40) मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपने बड़े भाई प्रताप यादव (42) के साथ खेत में मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान अजय की मां मोहरमनिया (65) और उसकी चार वर्षीय बेटी आरती उड़द के खेत में काम कर रहे थे। खेत में मधुमक्खियों का छत्ता था। अचानक मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और चारों पर हमला कर दिया। हमले के दौरान अजय ने अपनी बेटी आरती को गोद में लेकर उसे बचाने का प्रयास किया। इसके बावजूद मधुमक्खियों ने अजय के पूरे शरीर पर हमला कर दिया। उसकी मां मोहरमनिया को भी मधुमक्खियों ने बुरी तरह डंक मारकर घायल कर दिया। प्रताप भी हमले की चपेट में आ गया। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए सभी लोग घर की ओर भागने लगे। इसी दौरान ग्रामीणों ने अजय, उसकी बेटी और मां को कंबल ओढ़ाकर मधुमक्खियों से बचाया। प्रताप किसी तरह भागकर घर पहुंचा। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से चारों को खमरिया अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लखनपुर अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के बाद चारों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया गया। वृद्धा की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है,जबकि अजय और प्रताप का मेडिकल वार्ड में उपचार चल रहा है। बच्ची का भी उपचार किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur