Breaking News

अम्बिकापुर@शादी के चार महीने बाद नवविवाहिता की मौत पढ़ाई को लेकर ससुराल में विवाद की जांच

Share


15 सितंबर को पिता को बताई थी मारपीट की बात,17 को चूहामार दवा खाने के बाद अस्पताल में भर्ती हुई थी वर्षा


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,22 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शादी के महज चार महीने बाद नवविवाहिता वर्षा यादव (20) की मंगलवार सुबह अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। 17 सितंबर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती वर्षा ने चूहामार दवा का सेवन किया था। मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट और प्रताडऩा का आरोप लगाया है। वर्षा के पति का कहना है कि वह बिश्रामपुर में किराये का कमरा लेकर पढ़ाई करना चाहती थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूरजपुर के प्रगतिनगर निवासी वर्षा यादव की शादी मई 2026 में मैनपाट के लुरैना निवासी अजय यादव से हुई थी। वर्षा आगे पढ़ाई करना चाहती थी। परिजनों के अनुसार उसका बिश्रामपुर कॉलेज में प्रवेश कराया गया था। पढ़ाई को लेकर वह बिश्रामपुर में रहना चाहती थी। वर्षा के पिता उमेश यादव के अनुसार 15 सितंबर को बेटी ने फोन कर ससुराल में विवाद होने की जानकारी दी थी। उसने आरोप लगाया था कि पति ने पेट पर चढकर उसका गला दबाया। पिता ने उसे समझाते हुए कहा था कि वह पति-पत्नी से बात करेंगे। इसके दो दिन बाद 17 सितंबर को वर्षा ने पिता को वाट्सऐप पर संदेश भेजा, जिसमें उसने लिखा कि वह जीना नहीं चाहती और उसे सुकून से मरने देने की बात कही। इसके कुछ देर बाद पति अजय ने फोन कर उसकी तबीयत खराब होने और अस्पताल ले जाने की जानकारी दी। बाद में चूहामार दवा खाने की बात बताई।
इलाज के दौरान बिगड़ी तबीयत : परिजन मिशन अस्पताल पहुंचे तो वर्षा आईसीयू में भर्ती थी। 19 सितंबर को तबीयत में कुछ सुधार होने पर पिता ने उससे बात की। पिता के मुताबिक वर्षा ने उस समय भी ससुराल वालों के ठीक नहीं होने की बात कही। परिजनों का कहना है कि वर्षा ने अपनी चाची को मारपीट के फोटो और रिकॉर्डिंग भी भेजी थी। 18 सितंबर को पति द्वारा पैसे मांगने का आरोप भी पिता ने लगाया है।
पति ने पढ़ाई को लेकर विवाद की बात कही : वर्षा के पति अजय यादव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वर्षा बिश्रामपुर में किराये का कमरा लेकर पढ़ाई करना चाहती थी। वह इस बात को लेकर नाराज थी।
17 सितंबर को उसने चूहामार दवा खा ली, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए अंबिकापुर लेकर पहुंचे। चार दिन चले उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस मायके और ससुराल पक्ष के बयानों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है।


Share

Check Also

सूरजपुर@सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों को लेकर सख्त निर्देश

Share सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश : डॉ. प्रशांत सिंह …

Leave a Reply