Breaking News

बलरामपुर@जंगल में बैल का वध कर मांस बांटने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार,भेजे गए जेल

Share

-संवाददाता-
बलरामपुर,21 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले की विजयनगर चौकी पुलिस ने जंगल में गौ-वंश (बैल) का वध कर उसका मांस आपस में बांटने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मांस के टुकड़े, पूंछ और शरीर के अन्य अवशेष भी बरामद किए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,गत 3 सितंबर 2026 को विजयनगर पुलिस को ग्रामीणों से सूचना मिली थी कि ग्राम लावा के जंगल में संदिग्ध अवशेष देखे गए हैं और ग्रामीणों ने गौ-हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस और पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीम ने लावा के जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया। मौके पर जांच के दौरान जंगल की जमीन पर खून के धब्बे और हड्डियां बिखरी मिलीं,जिससे घटना की पुष्टि हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान शुरू की। संदेह के आधार पर पुलिस और पशु चिकित्सकों की टीम ने गवाहों की मौजूदगी में दो संदिग्धों के ठिकानों पर दबिश देकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने एक परिचित से 700 में एक बैल खरीदा था। इसके बाद अन्य साथियों के साथ मिलकर लावा के जंगल में उसका वध कर दिया और मांस को आपस में बांट लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके घरों से बैल के मांस के टुकड़े, पूंछ और अन्य भाग जब्त किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के नामः दयाशंकर मुरूम (31 वर्ष), हरवान चरगट (42 वर्ष), रामाशंकर पल्हे (41 वर्ष), अनिमेश केरकेट्टा (22 वर्ष), मार्शेल एक्का (25 वर्ष), रामसाय मुरूम (45 वर्ष) (सभी निवासीः ग्राम लावा, चौकी विजयनगर, थाना रामानुजगंज)
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज : थाना रामानुजगंज में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 238,3(5), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है तथा घटना में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।


Share

Check Also

बलौदाबाजार@ बलौदाबाजार एसपी ने कई थाना प्रभारी बदले…38 पुलिसकर्मियों का तबादला,निरीक्षक से आरक्षक तक शामिल

Share बलौदाबाजार,२1 सितम्बर 2026 । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया …

Leave a Reply