बारिश में टपकती है छत…दीवारों में दरार और लगातार गिर रहा प्लास्टर…हादसे के बाद भी सुरक्षित भवन में शिफ्टिंग नहीं

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उपसंचालक कृषि कार्यालय का जर्जर भवन अब कर्मचारियों और किसानों की सुरक्षा के लिए खतरा बनता जा रहा है। सोमवार को तकनीकी शाखा के कमरे की छत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। उस समय कमरे में 5-6 कर्मचारी काम कर रहे थे। संयोग से मलबा किसी के ऊपर नहीं गिरा और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कर्मचारियों में भवन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कर्मचारियों के मुताबिक कार्यालय भवन काफी पुराना हो चुका है। बारिश के दौरान कई कमरों की छत से पानी टपकता है। दीवारों में जगह-जगह दरारें हैं और छत व दीवारों से प्लास्टर गिरना आम हो गया है। सोमवार को तकनीकी शाखा के कमरे में छत का बड़ा हिस्सा गिरने से भवन की जर्जर स्थिति एक बार फिर सामने आ गई। कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी कार्यालय के एक कक्ष में छत का प्लास्टर गिर चुका है। इसके बाद सोमवार को दोबारा छत का हिस्सा गिरने से कर्मचारियों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि भवन की स्थिति लगातार खराब हो रही है,लेकिन इसके बावजूद यहां नियमित रूप से कार्यालयीन कामकाज जारी है।
किसानों की भी रहती है आवाजाही
कृषि विभाग का कार्यालय होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में किसान और अन्य लोग विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। ऐसे में जर्जर छत और कमजोर दीवारों के बीच कर्मचारियों के साथ कार्यालय आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश के दौरान भवन की स्थिति और खराब होने की बात कर्मचारी बता रहे हैं।
सुरक्षित भवन में शिफ्टिंग की मांग
कर्मचारियों ने जर्जर भवन की मरम्मत कराने या कार्यालय को किसी सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सोमवार की घटना के बाद यदि समय रहते सुरक्षा संबंधी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur