-संवाददाता-
अम्बिकापुर,21 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि नीट एवं जेईई प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी हेतु जिले के चयनित 57 मेधावी विद्यार्थी रायपुर में प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में 26 मई 2026 से आवासीय कोचिंग कर रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सरगुजा जिले के इन प्रतिभावान विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा टेस्ट परीक्षा के प्राप्तांकों की गहन समीक्षा हेतु एक विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक का ऑनलाईन वीसी के माध्यम से आयोजन किया गया। जिला ग्रंथालय अंबिकापुर में आयोजित इस कार्यक्रम में एलेन कोचिंग इंस्टीट्यूट, रायपुर के विषय विशेषज्ञों एवं शिक्षकों ने ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विद्यार्थियों के पालकों से सीधी चर्चा की। बैठक के दौरान एलेन कोचिंग रायपुर के अनुभवी शिक्षकों ने प्रत्येक विद्यार्थी के हालिया टेस्ट स्कोर,विषयवार प्रदर्शन, मजबूत पक्षों तथा सुधार योग्य क्षेत्रों पर उनके पालकों से अलग-अलग व्यक्तिगत संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक नियमितता,स्टडी शेड्यूल एवं आगामी परीक्षाओं की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस दौरान कठिन विषयों जैसे भौतिकी एवं रसायन के विषय विशेषज्ञों के साथ जिला शिक्षा अधिकारी संवाद करके इसे रूचिकर बनाने तथा कठिनाइयों के समाधान के लिए अतिरिक्त डाउट कक्षाएं आयोजित करने के निर्देश दिये। बैठक में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा,प्राचार्य श्री बी.एल.अग्रवाल,एपीसी श्री संतोष कुमार साहू एवं नीट जेईई प्रभारी अधिकारी श्री सिरीश कुमार नंदे तथा नोडल अधिकारी श्री संजीव कुमार सिंह,तकनीकी एक्सपर्ट श्री विशाल वर्मा उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पालकों को निरंतर संबल प्रदान करने हेतु प्रेरित किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur