-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा में एक खाली मकान को निशाना बनाकर चोरी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घर में रहने वाली महिला अपनी बेटी के पास नोएडा गई थीं। इस दौरान तीन नाबालिग घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के कमरों में जगह-जगह टॉयलेट कर गंदगी भी फैलाई गई है। चोरी कितने की हुई है,इसका पता परिवार के वापस लौटने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार चोपड़ापारा निवासी वेदमति मिश्रा अकेले रहती हैं। उनकी बेटी अंशु मिश्रा की शादी हो चुकी है और वह नोएडा में रहती हैं। वेदमति मिश्रा भी कुछ समय के लिए बेटी के पास नोएडा गई थीं। घर की देखरेख के लिए एक युवक को चाबी दी गई थी,लेकिन वह भी बाहर चला गया था। इसी दौरान 16 से 19 सितंबर के बीच तीन नाबालिग घर में घुसे। बताया जा रहा है कि तीनों नाबालिग ग्राउंड फ्लोर स्थित मकान में छत के रास्ते आंगन में उतरे और चैनल गेट को फैलाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के कमरों की तलाशी ली और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। कमरों में जगह-जगह टॉयलेट कर गंदगी भी फैलाई गई।
देखरेख करने वाला लौटा तो चला पता :
घर की देखरेख करने वाला युवक शनिवार को वापस लौटा। घर की स्थिति देखकर उसे चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद परिवार को सूचना दी गई और वे दिल्ली से अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के लौटने के बाद ही घर से चोरी हुए सामान और रकम का वास्तविक आकलन हो सकेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur