Breaking News

बलरामपुर@ड्यूटी के दौरान शराब पीकर डायल 112 वाहन दुर्घटनाग्रस्त करने वाला आरक्षक बर्खास्त

Share

एसपी वैभव बैंकर ने की सख्त कार्रवाई, विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित….

-संवाददाता-
बलरामपुर,19 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा में ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन कर शासकीय वाहन को दुर्घटनाग्रस्त करने के मामले में बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को पुलिस सेवा से पृथक कर दिया गया है। एसपी ने यह कार्रवाई 19 सितंबर 2026 को की।
7 जुलाई की रात हुआ था हादसा : मामला 7 जुलाई 2026 की रात का है। चौकी वाड्रफनगर,थाना बसंतपुर क्षेत्र में संचालित डायल 112 वाहन क्रमांक ष्टत्र 03 ्र-2749 में आरक्षक संजय मारकण्डे की ड्यूटी लगाई गई थी। रात करीब 11.40 बजे एक इवेंट की सूचना मिलने पर आरक्षक संजय मारकण्डे और वाहन चालक ओमप्रकाश यादव डायल 112 वाहन से ग्राम सिवरी बरतीकला की ओर रवाना हुए। बताया गया कि रवाना होने के कुछ ही देर बाद वाड्रफनगर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबा के पास डायल 112 वाहन की सामने से आ रही पिकअप क्रमांक यूपी64 सीटी 1055 से भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में शासकीय वाहन को काफी नुकसान पहुंचा।
मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि : हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों को आरक्षक तथा चालक के व्यवहार से उनके नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वाड्रफनगर ले जाकर चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में दोनों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
विभागीय जांच में गंभीर कदाचरण प्रमाणित : मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने विभागीय जांच शुरू की। जांच के दौरान ड्यूटी के समय शराब का सेवन करने,आपातकालीन सेवा के शासकीय वाहन में यात्रा करने तथा वाहन दुर्घटना में शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचने से जुड़े आरोपों की जांच की गई। विभागीय जांच में आरक्षक संजय मारकण्डे के विरुद्ध लगाए गए आरोप प्रमाणित पाए गए। पुलिस विभाग ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही,अनुशासन हीनता और गंभीर कदाचरण माना।
19 सितंबर को सेवा से किया पृथक : जांच के निष्कर्षों के आधार पर बलरामपुर पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने 19 सितंबर 2026 को आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे,जो घटना के समय चौकी वाड्रफनगर में पदस्थ था और वर्तमान में रक्षित केंद्र बलरामपुर में पदस्थ था,को पुलिस सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी के दौरान अनुशासन और जिम्मेदारी को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
खासकर डायल 112 जैसी आपातकालीन सेवा में तैनात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी सीधे आम लोगों की सुरक्षा और तत्काल सहायता से जुड़ी होती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान शराब सेवन और शासकीय वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में विभाग ने कठोर विभागीय कार्रवाई की है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ लाखों की लागत वाली सीसी सड़क से गायब हुआ सीमेंट,17 माह में उखड़ी गिट्टियां

Share डीएमएफ मद से 20 लाख रुपये की लागत से हुआ था निर्माण,गुणवत्ता पर उठे …

Leave a Reply