दामाद से पारिवारिक विवाद में ससुर की हत्या कराने का आरोप…चार आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,19 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शहर के रसूलपुर में 16 सितंबर को हुए वसीरुद्दीन सिद्दीकी हत्याकांड में पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामले में पारिवारिक विवाद और पुरानी रंजिश के चलते मृतक की हत्या की साजिश रची गई थी। घटना में शामिल चार आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। अब पांचवें आरोपी मोईन मियां को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
मकान देखने के बहाने घर पहुंचे थे तीन लोग : पुलिस के अनुसार 16 सितंबर की सुबह करीब 10.15 बजे रसूलपुर स्थित सादिया शारीन सिद्दीकी के घर तीन अज्ञात व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे। उस समय सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी उनसे मकान के संबंध में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तीनों ने कथित तौर पर मिलकर उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में वसीरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तलाक का मामला बना विवाद की वजह : पुलिस के मुताबिक मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी का अपने पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा है। प्रार्थिया ने पुलिस को बताया था कि पूर्व में उसके पति द्वारा उसे और उसके मायके पक्ष के लोगों को केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई। शुरुआत में पुलिस ने अपराध क्रमांक 647/26 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया था। विवेचना के दौरान मामले में हत्या सहित अन्य धाराएं 103(1), 61(2) और 238 बीएनएस जोड़ी गईं।
मरणासन्न कथन और गवाहों के बयान से मिला सुराग
विवेचना के दौरान मृतक के मरणासन्न कथन और प्रार्थिया सहित अन्य गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस को मोईन मियां की संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने मोईन मियां पिता स्व. रोजान असारी,उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम सकलदीपा, पोस्ट चापीकला,थाना पाकी, जिला पलामू,झारखंड, हाल मुकाम रनपुर खुर्द सरनापारा,परसा,अंबिकापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ और विवेचना में उसके विरुद्ध अपराध से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। संभावित ठिकानों पर दबिश के साथ पुलिस टीम लगातार उनकी पतासाजी कर रही है। अधिकारियों ने फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur