Breaking News

अम्बिकापुर@पति की हत्या का आरोपी महिला बंदी की इलाज के दौरान मौत

Share


सेंट्रल जेल में निरुद्ध मथुरा यादव की मेडिकल कॉलेज अस्पताल के एमआईसीयू में बिगड़ी तबीयत

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के डेडरी गांव में हुए पन्ना राठिया हत्याकांड की विचाराधीन महिला बंदी मथुरा यादव (55) की मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह हत्या के मामले में सेंट्रल जेल अंबिकापुर में निरुद्ध थी। तबीयत बिगडऩे पर उसे 17 सितंबर को एमआईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां रात करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल अधीक्षक अक्षय सिंह राजपूत ने बताया कि मथुरा यादव को 19 फरवरी 2026 को केंद्रीय जेल में दाखिल किया गया था। 16 सितंबर को तबीयत खराब होने पर उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल की ओपीडी में लाया गया था। ब्लड टेस्ट की सलाह के बाद उसे जेल वापस भेज दिया गया था। अगले दिन तबीयत फिर बिगडऩे पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला 15 फरवरी की रात का है। डेडरी के आश्रमपारा में ट्रैक्टर चालक पन्ना राठिया (निवासी बादपाली) का शव उसके घर के दरवाजे के पास खून से लथपथ मिला था। मृतक की पत्नी मथुरा यादव ने रात करीब 12 बजे मकान मालिक को सूचना दी थी कि वह रात 10 बजे खेत में पानी का पंप बंद करने गई थी और करीब 11 बजे वापस लौटी तो पति मृत पड़ा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की तो मथुरा यादव पर ही हत्या में शामिल होने का संदेह सामने आया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। बाद में उसे सेंट्रल जेल अंबिकापुर में निरुद्ध किया गया। उस पर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला विचाराधीन था।
लंबे समय से साथ रह रहे थे दोनों : पुलिस के अनुसार पन्ना राठिया रायगढ़ के केलो बिहार कॉलोनी निवासी हीरालाल सिंह की कुंभा बहाल स्थित नर्सरी में ट्रैक्टर चालक और मजदूर के रूप में काम करता था। इसी दौरान उसका परिचय विवाहित मथुरा यादव से हुआ। दोनों करीब 16-17 वर्षों से साथ रह रहे थे और डेडरी में एक मकान में पति-पत्नी की तरह रहते थे। मथुरा यादव के तीन बच्चे हैं।
रायगढ़ और सूरजपुर के पते से स्वजन की तलाश : जेल रिकॉर्ड में मथुरा यादव के रायगढ़ और सूरजपुर, दोनों स्थानों के पते दर्ज हैं। मौत के बाद शव मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया है। जेल प्रबंधन और पुलिस उसके स्वजनों के आने का इंतजार कर रहे हैं। सूरजपुर तथा रायगढ़ के चक्रधरनगर थाने को भी सूचना दी गई है। जेल प्रशासन ने जिला दंडाधिकारी और जिला एवं सत्र न्यायाधीश को भी महिला बंदी की मौत की जानकारी दे दी है। नियमानुसार मामले में न्यायिक मजिस्ट्रेट से जांच कराई जाएगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जवाहर नवोदय विद्यालय में आदर्श युवा ग्राम सभा,विद्यार्थियों ने समझी लोकतंत्र की जमीनी प्रक्रिया

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खलीबा में शुक्रवार को आदर्श …

Leave a Reply