Breaking News

अम्बिकापुर@रसूलपुर हत्याकांड में चौथा आरोपी पलामू से गिरफ्तार

Share


ससुर पर चाकू से हमला कर हत्या के मामले में पुलिस की कार्रवाई…आरोपी के कब्जे से देसी पिस्टल,चाकू और 6 जिंदा कारतूस बरामद


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। रसूलपुर में मकान किराए पर लेने के बहाने घर में घुसकर वसीरुद्दीन सिद्दीकी पर जानलेवा हमला करने और इलाज के दौरान उनकी मौत के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को झारखंड के पलामू से गिरफ्तार किया है। कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने आरोपी अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता (25), निवासी खुटार खुर्द,थाना चैनपुर,जिला पलामू,झारखंड को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक देसी पिस्टल,एक नया चाकू,छह जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे थे : पुलिस के अनुसार 16 सितंबर की सुबह करीब 10.15 बजे रसूलपुर में तीन व्यक्ति किराए का मकान देखने के बहाने सादिया शारीन सिद्दीकी के घर पहुंचे थे। वहां उन्होंने सादिया के पिता वसीरुद्दीन सिद्दीकी से मकान को लेकर बातचीत की। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर चाकू से वसीरुद्दीन पर गंभीर हमला कर दिया। घायल वसीरुद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
तलाक के विवाद में धमकी का भी जिक्र : रिपोर्ट के अनुसार सादिया शारीन सिद्दीकी का अपने पति मो. नाजिम शबा के साथ तलाक का मामला न्यायालय में चल रहा था। पुलिस को दी गई रिपोर्ट में पूर्व में पति द्वारा केस वापस नहीं लेने पर सादिया और उसके मायके वालों को जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी बताई गई थी। मामले में कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 647/26 दर्ज किया गया था। प्रारंभ में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान धारा 103(1), 61(2) और 238 बीएनएस भी जोड़ी गई।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिकाः कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, एएसआई अदीप प्रताप सिंह, एएसआई विवेक पाण्डेय,एएसआई देवनारायण यादव,प्रधान आरक्षक सुरजीत कोरी,प्रधान आरक्षक सतीश सिंह,सियाराम मरावी,प्रधान आरक्षक सदरक लकड़ा,आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा,शिवमांगल सिंह,कुश सोनी और नगर सैनिक दशरथ राजवाड़े की भूमिका रही।
तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी और नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के नेतृत्व में पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ जिले के सभी सीमावर्ती रास्तों पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी कार्रवाई में पुलिस ने नाजिम शबा, कंचन कुमार और नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था।
झारखंड पहुंची पुलिस टीम,निशानदेही पर हथियार बरामद
अन्य आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को अवकाश साव उर्फ आकाश गुप्ता के पलामू में होने की जानकारी मिली। टीम ने चैनपुर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर देसी पिस्टल, नया चाकू, छह जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घटना के समय पहने कपड़े रास्ते में फेंकने की बात कही, लेकिन उन्हें कहां फेंका गया, इसकी जानकारी नहीं दी। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश के साथ आगे की विवेचना जारी है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जवाहर नवोदय विद्यालय में आदर्श युवा ग्राम सभा,विद्यार्थियों ने समझी लोकतंत्र की जमीनी प्रक्रिया

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खलीबा में शुक्रवार को आदर्श …

Leave a Reply