
14 हाथियों का दल गांवों के आसपास,परिवार बच्चों समेत पंचायत व सामुदायिक भवनों में गुजार रहे रात,सडकों पर भी रोका आवागमन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों के लगातार मूवमेंट ने जंगल से लगे गांवों के ग्रामीणों की रातों की नींद छीन ली है। 14 हाथियों का दल गांवों के आसपास पहुंचने के कारण कई परिवार अपने घरों में रात गुजारने के बजाय बच्चों को लेकर पंचायत भवन और सामुदायिक भवनों में शरण ले रहे हैं। कई गांवों में पुरुष रातभर जागकर हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने को मजबूर हैं। हाथियों का दल पिछले कई दिनों से लखनपुर क्षेत्र से लालपुर, केदमा,सायर और भालूमाड़ा के जंगलों के आसपास विचरण कर रहा है। गुरुवार शाम हाथियों के लक्ष्मणगढ़-सुखरीभंडार चौक क्षेत्र में पहुंचने के बाद वन विभाग को केदमा रोड पर आवागमन रोकना पड़ा। शाम करीब 7.30 बजे से रात 8.45 बजे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सायर चौक पर भी करीब एक घंटे तक रास्ता बंद रखा गया। इसके चलते सडक के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। तीन वाहनों से हाथियों के दल की लोकेशन पर नजर रखी जा रही है। संभावित मूवमेंट वाले क्षेत्रों में वन अमले की टीमें तैनात की गई हैं। गांवों में मुनादी कराकर लोगों को रात में जंगल और खेतों की ओर नहीं जाने तथा हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है। वन विभाग के अनुसार जिन गांवों में रात के समय हाथियों का जमावड़ा रहता है, वहां जंगल से लगे घरों में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सरपंचों की मदद से ग्रामीणों को पंचायत भवन, सामुदायिक भवन और अन्य पक्के मकानों में ठहराया जा रहा है। जरूरत के अनुसार भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था भी की जा रही है। हाथियों के लगातार मूवमेंट से फसल नुकसान का खतरा भी बढ़ गया है। अब तक करीब 10 हेक्टेयर में लगी फसल प्रभावित होने की जानकारी है। दर्जनों कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। वन परिक्षेत्राधिकारी फेकू चौबे के अनुसार उदयपुर क्षेत्र में करीब ढाई महीने से एक रोलर हाथी भी घूम रहा है। अब 14 हाथियों का दल पहुंचने से चुनौती बढ़ गई है। विभाग हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा पर फोकस कर रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur