Breaking News

अम्बिकापुर@ विधायक प्रबोध मिंज एवं जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह की उपस्थिति में हुआ जल जन सेवा संकल्प का कार्यक्रम आयोजन

Share


जल संरक्षण का लिया संकल्प,स्व-सहायता समूह की दीदियों के साथ श्रमदान कर चलाया स्वच्छता अभियान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)
। सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संसाधन विभाग द्वारा जल संरक्षण, स्वच्छता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्याम घुनघुट्टा जलाशय में जल जन सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निरूपा सिंह सहित जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों, स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नागरिकों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर जल के महत्व,जल स्रोतों के संरक्षण तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। नागरिकों से जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझते हुए अपने दैनिक जीवन में जल संरक्षण को अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
श्रमदान कर दिया स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश : कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। जनप्रतिनिधियों,अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्व-सहायता समूह की दीदियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को अपने घर, कार्यस्थल एवं आसपास के’ सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण और स्वच्छता को केवल शासकीय प्रयासों तक सीमित न रखते हुए इसमें जनभागीदारी की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। संदेश दिया गया कि जल स्रोतों की सुरक्षा, जल का मितव्ययी उपयोग और आसपास के वातावरण की स्वच्छता के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। सामूहिक प्रयास और जनसहभागिता से ही स्वच्छ,स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ नागरिकों को इन प्रयासों में सक्रिय भागीदार बनाना रहा।
इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री ए.पी. निरंजन, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंता,जनपद पंचायत अम्बिकापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग तथा जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं स्व-सहायता समूह की दीदियां उपस्थित रहीं।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@जवाहर नवोदय विद्यालय में आदर्श युवा ग्राम सभा,विद्यार्थियों ने समझी लोकतंत्र की जमीनी प्रक्रिया

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खलीबा में शुक्रवार को आदर्श …

Leave a Reply