केसारी गांव में पुलिस की घेराबंदी…अंधेरे का फायदा उठाकर अन्य आरोपी भागे,आरोपी जेल भेजा गया
-संवाददाता-
बलरामपुर-रामानुजगंज,18 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिले में मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच रघुनाथनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने केसारी गांव के रास्ते पैदल उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 34 भैंस-भैंसे जब्त किए हैं। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग केसारी गांव के रास्ते बड़ी संख्या में मवेशियों को पैदल उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही रघुनाथनगर पुलिस टीम ने केसारी गांव में घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखकर तस्करों ने भागने का प्रयास किया। टीम ने पीछा कर दीपक सोनवानी (24), निवासी केसारी को पकड़ लिया। हालांकि अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
34 मवेशी जब्त,आरोपी जेल भेजा
पुलिस ने मौके से 34 मवेशियों को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की। मामले में थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 110/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 111(2), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया,जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur