Breaking News

अम्बिकापुर@2028 की तैयारी : कांग्रेस ने संभाग में संगठन मजबूत करने का खाका खींचा

Share


तीन दिन के प्रशिक्षण शिविर का समापन,बैज बोले…अभी कांग्रेस की फील्डिंग,भाजपा के विकेट गिरने लगे;महंगाई-बेरोजगारी को बनाया मुद्दा


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। 2028 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी है। अंबिकापुर के होटल म्यूरा में आयोजित सरगुजा संभाग के छह जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों और मास्टर ट्रेनरों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी,किसानों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के जरिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है और आने वाले समय में कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। प्रेसवार्ता में बैज ने कहा कि कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक तंज कसते हुए कहा… ‘कांग्रेस अभी फील्डिंग कर रही है, बैटिंग शुरू नहीं हुई है और भाजपा के विकेट अभी से गिरने लगे हैं। बैज ने महंगाई और रोजगार को लेकर राज्य सरकार से उसके चुनावी वादों पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले महंगाई कम करने,युवाओं को रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने सहित कई वादे किए गए थे। कांग्रेस का दावा है कि इनमें से कई वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने एक लाख युवाओं को नौकरी देने, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, रसोइयों के वेतनमान और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने के वादे का भी उल्लेख किया।
झीरम पर कहा…बड़े षड्यंत्र की जांच जरूरी : झीरम घाटी मामले में एनआईए की विशेष अदालत द्वारा 10 दोषियों को मृत्युदंड दिए जाने के बाद बैज ने कहा कि कांग्रेस अदालत के फैसले का सम्मान करती है, लेकिन घटना के व्यापक षड्यंत्र की जांच को लेकर उसके सवाल कायम हैं। 16 सितंबर को जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत ने 2013 के झीरम घाटी हमले के 10 दोषियों को मौत की सजा सुनाई है। बैज ने कहा कि पार्टी यह जानना चाहती है कि हमले के पीछे कथित बड़े नक्सली कमांडरों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच किस स्तर तक हुई। उन्होंने घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था और रोड ओपनिंग पार्टी की तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में उसके सवाल तब तक बने रहेंगे,जब तक पार्टी द्वारा उठाए गए इन पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट नहीं होती।
‘तेल महंगा है,भाजपा दीया पानी से जलाए’
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित सेवा कार्यक्रमों को लेकर भी बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने महंगाई और तेल की कीमतों का जिक्र करते हुए कहा… कि एक तरफ तेल महंगा होने की बात कही जाती है, वहीं दूसरी ओर करोड़ों दीये जलाने के आयोजन किए जा रहे हैं। उन्होंने इन आयोजनों के खर्च को लेकर सरकार से हिसाब देने की मांग की।
यूपीआई शुल्क को लेकर सिंहदेव ने उठाया सवाल…
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने डिजिटल भुगतान और यूपीआई से जुड़े संभावित शुल्क को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देकर इसे आम लोगों और छोटे कारोबारियों के लिए आसान बनाया गया था। ऐसे में छोटी राशि के भुगतान पर शुल्क लगने से छोटे व्यापारियों और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पडऩे की आशंका है। प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित कांग्रेस के अन्य नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ मेडिकल कॉलेज से घर लौट रही नाबालिग की रास्ते में मौत

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम चुनापाथर निवासी 16 …

Leave a Reply