-संवाददाता-
कुसमी/बलरामपुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ में किसानों,विद्यार्थियों और आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी की कुसमी इकाई ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री के नाम 7 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। पार्टी पदाधिकारियों ने यह ज्ञापन एसडीएम कुसमी के माध्यम से सौंपते हुए विभिन्न जनसमस्याओं के तत्काल निराकरण की मांग की। आप के जिला महासचिव (संगठन) शकील अंसारी सहित पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को कृषि पंजीयन और खाद की उपलब्धता जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी, अस्पतालों में डॉक्टरों व दवाइयों का अभाव, जर्जर सड़कें तथा बढ़ते बिजली बिल आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। ज्ञापन में एग्रीस्टैक पंजीयन प्रक्रिया को सरल बनाने और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी रोकने, सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर, आवश्यक दवाइयां और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। पार्टी ने गौठान योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने तथा आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव की व्यवस्था करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा प्रदेश की जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत व पुनर्निर्माण, बिजली की बढ़ी दरों और अधिक बिलों से उपभोक्ताओं को राहत देने तथा अवैध नशे के कारोबार एवं मिलावटी शराब पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई। आप पदाधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन में उठाए गए मुद्दे सीधे आम जनता के जीवन से जुड़े हैं। शासन-प्रशासन को इन पर त्वरित और ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
ताकि किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur