-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्र भारत में युवा आक्रोशः कारण और निदान विषय पर सेवा किटी समूह की ओर से निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता हाईस्कूल और महाविद्यालय स्तर पर आयोजित हुई। इस वर्ष केंद्रीय जेल अंबिकापुर में निरुद्ध बंदियों को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया। हाईस्कूल स्तर के परिणाम अभी घोषित नहीं किए गए हैं। महाविद्यालय स्तर पर हरकेवल दास शिक्षा महाविद्यालय की कविता और प्रेरणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी महाविद्यालय के महेंद्र सिंह द्वितीय रहे। तृतीय स्थान पर राजीव गांधी पीजी कॉलेज के अमनसिंह टेकाम तथा हरकेवल दास शिक्षा महाविद्यालय के कृष्ण कुमार कडऱा रहे। सांत्वना पुरस्कार के लिए राजमोहिनी कन्या महाविद्यालय की रिया पांडे और अंकिता तिवारी, राजीव गांधी पीजी कॉलेज के विकेश गुप्ता तथा हरकेवल दास शिक्षा महाविद्यालय के अमित लकड़ा और आयुष मिंज का चयन किया गया। केंद्रीय जेल में निरुद्ध 33 बंदियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इनमें घनश्याम यादव और बसंत जगते संयुक्त रूप से प्रथम रहे। जगरनाथ प्रसाद सोनी और अरविंद पैंकरा द्वितीय तथा ओम विक्की प्रधान तृतीय रहे। राधेश्याम यादव और दीपक सिंह को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। सेवा किटी की संयोजिका वंदना दत्ता ने बताया कि विजेताओं को पुरस्कार एक आयोजन में प्रदान किए जाएंगे, जिसकी सूचना जल्द दी जाएगी। केंद्रीय जेल के प्रतिभागियों को जेल में ही पुरस्कार दिया जाएगा। हाईस्कूल स्तर के परिणाम भी जल्द घोषित किए जाएंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur