Breaking News

अम्बिकापुर@ दामाद ने ससुर की हत्या की दी सुपारी,झारखंड से बुलाए तीन बदमाश

Share


रसूलपुर में 70 वर्षीय बुजुर्ग की चाकू से गोदकर हत्या…सीसीटीवी से खुला राज…दामाद समेत दो हिरासत में…अन्य आरोपियों की तलाश
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
शहर के रसूलपुर मोहल्ले में बुधवार सुबह 70 वर्षीय बशीरुद्दीन सिद्दीकी उर्फ लज्जू की हत्या की वारदात ने सनसनी फैला दी। घर के बाहर कमरे में बैठे बुजुर्ग पर बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। वारदात के बाद आरोपी बाइक छोडकर पैदल फरार हो गए। गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। वारदात की जांच में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले। पुलिस के अनुसार, मृतक के दामाद नाजीम ने ही ससुर की हत्या की साजिश रची थी और झारखंड के चैनपुर व पांकी थाना क्षेत्र से तीन बदमाशों को सुपारी देकर बुलाया था। पुलिस ने दामाद समेत दो आरोपियों को हिरासत में लिया है,जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। बशीरुद्दीन बुधवार सुबह करीब 10 बजे अपने घर के बाहर बने कमरे में बैठे थे। परिवार के अन्य सदस्य अंदर थे। इसी दौरान बाइक से तीन युवक पहुंचे और कमरे में जाकर उनसे बातचीत करने लगे। कुछ देर बाद एक युवक ने चाकू निकाला और बशीरुद्दीन के पेट में लगातार तीन वार कर दिए। बुजुर्ग ने बचने के लिए संघर्ष करते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन बाहर आए तो तीनों आरोपी कमरे से निकलकर बाइक वहीं छोडकर पैदल भाग गए। परिजन पड़ोसियों की मदद से घायल बशीरुद्दीन को मिशन अस्पताल ले गए। पुलिस केस होने के कारण वहां इलाज नहीं हो सका। इसके बाद उन्हें फिरदौसी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से मिला अहम सुराग : शहर के बीचोंबीच हुई हत्या की सूचना मिलते ही आईजी दीपक झा, एसएसपी राजेश अग्रवाल,सीएसपी राहुल बंसल समेत पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आरोपियों की तलाश के लिए शहर और जिले में नाकेबंदी कराई। मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान तीनों आरोपी वारदात के बाद भागते हुए दिखाई दिए। फुटेज और परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को मृतक के दामाद पर संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसे तकिया मजार स्थित उसके घर से हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया है।
बेटी से तलाक का मामला कोर्ट में : पुलिस के अनुसार,नाजीम मूलतः झारखंड के चैनपुर का रहने वाला है और अंबिकापुर के तकिया क्षेत्र में भी उसका घर है। मृतक की बेटी और नाजीम के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। बेटी फिलहाल मायके में रह रही है। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते नाजीम ने ससुर की हत्या की साजिश रची और झारखंड से तीन बदमाशों को बुलाया।
मजदूरों ने पिस्टल देखने की बात कही : घटनास्थल के पास काम कर रहे कुछ मजदूरों ने बदमाशों के हाथ में पिस्टल होने की बात कही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हथियारों के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।
घटनास्थल पर गोली चलने की बात सामने नहीं आई है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@छात्रा की आत्महत्या मामले की एफआईआर में नाम आया,एमए छात्र का प्रवेश निरस्त

Share राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की कार्रवाई -संवाददाता-अम्बिकापुर,16 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। राजीव गांधी शासकीय …

Leave a Reply