9 भैंसों को क्रूरतापूर्वक बूचड़खाने ले जाने का मामला…पूछताछ में तस्करी में संलिप्तता स्वीकारने का पुलिस का दावा
-संवाददाता-
रामचंद्रपुर/बलरामपुर,16 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। पशु तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी परवेश आलम (20) को रामचंद्रपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं छत्तीसगढ़ कृषक पशु परीक्षण निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।
9 भैंसों को बूचड़खाने ले जाने की शिकायत : पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को ग्राम औरंगा निवासी उदय कुमार सिंह (37) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 9 रास मवेशियों (भैंसों) को क्रूरतापूर्वक मारते-पीटते हुए अवैध रूप से बूचड़खाने की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी और उसी दिन एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
पूछताछ में संलिप्तता स्वीकारने का दावा : मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दूसरे आरोपी परवेश आलम,पिता शौकत अली, निवासी ग्राम सुंदरपुर, थाना सनावल, को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पशु तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur