पंचायत और निकाय चुनावों पर होगा मंथन जुटेंगे देशभर के राज्य निर्वाचन आयुक्त
रायपुर,15 सितंबर 2026। देशभर में स्थानीय निकायों के चुनाव कराने वाली संस्थाओं के प्रमुख 16 और 17 सितंबर को नवा रायपुर में जुटेंगे। यहां 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में अलग-अलग राज्यों के राज्य निर्वाचन आयुक्त पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसका उद्घाटन 16 सितंबर को सुबह 10ः30 बजे राज्यपाल करेंगे।
पंचायत और निकाय चुनाव को ज्यादा पारदर्शी बनाने पर होगी चर्चा : 2 दिन के सम्मेलन में स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने पर मंथन होगा। खासतौर पर त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनाव को ज्यादा पारदर्शी, समावेशी और भरोसेमंद बनाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया में मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने और व्यवस्था को बेहतर बनाने से जुड़े विषय भी चर्चा में रहेंगे।
अमेरिका के विशेषज्ञ भी बताएंगे चुनाव से जुड़े अनुभव : सम्मेलन में अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी के लोकतांत्रिक चुनाव से जुड़े अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। वे चुनाव व्यवस्था और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़े विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
ईवीएम की नई तकनीक की जानकारी भी दी जाएगी : सम्मेलन में ईवीएम की तकनीक पर भी चर्चा होगी। इलेक्ट्रॉनिक कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ईसीआईएल),हैदराबाद और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल),बेंगलुरु के विशेषज्ञ ईवीएम से जुड़ी नई तकनीकी जानकारी प्रस्तुत करेंगे। इससे राज्य निर्वाचन आयोगों को चुनाव में इस्तेमाल होने वाली तकनीक और उसके नए बदलावों की जानकारी मिलेगी।
2014 में भी छत्तीसगढ़ में हुआ था सम्मेलन : अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन अलग-अलग राज्यों में हर साल आयोजित किया जाता है। इससे पहले 2014 में भी छत्तीसगढ़ इस सम्मेलन की मेजबानी कर चुका है। इस बार 32वें सम्मेलन की मेजबानी नवा रायपुर करेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur