Breaking News

अम्बिकापुर@चक्का जाम स्थगित,20 तक व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम

Share


निगम की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सड़क-बिजली और सफाई व्यवस्था को लेकर घेरा

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। नगर निगम क्षेत्र की बदहाल सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों की जर्जर स्थिति और शहर की चरमराई नागरिक सुविधाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा मंगलवार को प्रस्तावित चक्का जाम पांच दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। प्रशासनिक पहल और राष्ट्रीय राजमार्गों पर शुरू किए गए मरम्मत कार्यों को देखते हुए कांग्रेस ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। हालांकि कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि 20 सितंबर तक यदि मरम्मत कार्यों में अपेक्षित तेजी और गुणवत्ता के साथ स्थायी सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन फिर शुरू किया जाएगा और इसे और व्यापक किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक एवं नगर निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने बताया कि दरिमा मोड़ से भारत माता चौक तथा घड़ी चौक से रेलवे स्टेशन तक राष्ट्रीय राजमार्ग सहित शहर की खराब सड़कों को लेकर कांग्रेस ने चक्का जाम का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने पहल करते हुए सड़कों के गड्ढों को भरने का काम शुरू कराया है। प्रशासन की इस पहल को देखते हुए 15 सितंबर को प्रस्तावित चक्का जाम को फिलहाल पांच दिनों के लिए स्थगित किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सिर्फ गड्ढे भर देना सड़कों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ होना चाहिए और जिन हिस्सों की सड़क पूरी तरह खराब हो चुकी है, वहां स्थायी सुधार किया जाना चाहिए। कांग्रेस 20 सितंबर तक कार्य की प्रगति और गुणवत्ता पर नजर रखेगी। अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कांग्रेस दोबारा सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल : कांग्रेस ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। नेताओं का आरोप है कि शहर की अंदरूनी सड़कों पर बड़े पैमाने पर गड्ढे होने के बावजूद नगर निगम द्वारा उन्हें दुरुस्त करने की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं की गई है। गंगापुर, नवापारा, वार्ड क्रमांक 8, विशुनपुर और बौरीपारा सहित कई वार्डों की अंदरूनी सड़कें बदहाल हैं। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढों को भरने और सड़कों की मरम्मत का काम प्रभावी ढंग से नहीं किया गया। स्थिति यह है कि दो माह पहले बनाई गई सड़कें भी उखड़ने लगी हैं। बारिश से पहले बनाई गई गुरुनानक चौक और पुराने बस स्टैंड रोड की सड़कें भी जगह-जगह खराब हो चुकी हैं। रिंग रोड सहित शहर की कई प्रमुख सड़कों की स्ट्रीट लाइटें बंद होने से रात में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं साफ-सफाई और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस ने निगम को घेरा है। बालकृष्ण पाठक और शफी अहमद ने कहा कि सड़क, बिजली, सफाई और जल निकासी जैसी सुविधाएं नागरिकों की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं। शहर की जनता को बदहाल सड़कों, अंधेरे में डूबी सड़कों और अव्यवस्थित नागरिक सुविधाओं के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत के साथ नगर निगम को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि 20 सितंबर तक सड़कों के गड्ढे भरने, स्ट्रीट लाइट चालू करने, विद्युत व्यवस्था बहाल करने तथा अन्य नागरिक समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।


Share

Check Also

रामानुजनगर/सूरजपुर@ ग्राम सभा और शिक्षा को मजबूत करना आदिवासी अधिकारों की रक्षा का आधार : बीपीएस पोया

Share रामेश्वरम के अंबेडकर भवन में आदिवासी अधिकार दिवस मनाया गया,छात्र-छात्राओं को वितरित की गई …

Leave a Reply