तीन दिन में 12 सत्र,संभाग के 49 ब्लॉक अध्यक्ष और 12 मास्टर ट्रेनर लेंगे प्रशिक्षण,दिग्गज नेताओं की रहेगी मौजूदगी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। संगठन सृजन अभियान के तहत सरगुजा संभाग के छह जिलों में नियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार से अम्बिकापुर के होटल मयूरा में शुरू होगा। प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख प्रशिक्षकों की मौजूदगी रहेगी। संभाग के छह जिलों के 49 संगठनात्मक ब्लॉक अध्यक्षों तथा 12 मास्टर ट्रेनरों को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री मलकीत गैदू ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य ब्लॉक से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना, जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करना और पार्टी की विचारधारात्मक समझ को मजबूत करना है। संगठन सृजन अभियान के तहत प्रशिक्षण शिविरों की शुरुआत 30 अगस्त को बस्तर संभाग से हुई थी। इसके बाद दुर्ग और बिलासपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। सरगुजा संभाग का प्रशिक्षण 15 से 17 सितंबर तक चलेगा। इसके बाद रायपुर संभाग में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के प्रशिक्षण के बाद मंडल और बूथ स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य संगठन के निचले स्तर तक प्रशिक्षण और पार्टी की कार्यप्रणाली को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।
तीन दिनों में होंगे 12 प्रशिक्षण सत्र : 15 सितंबर से शुरू होने वाले प्रशिक्षण शिविर में तीन दिनों के दौरान कुल 12 सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख प्रशिक्षकों के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करेंगे। प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत मंगलवार दोपहर 12 बजे दीप प्रज्वलन के साथ होगी। सभी ब्लॉक अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के लिए होटल मयूरा में ही आवासीय व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षण के दूसरे और तीसरे दिन सुबह योग कक्षा भी आयोजित की जाएगी। प्रशिक्षण की गंभीरता और एकाग्रता बनाए रखने के लिए प्रशिक्षण स्थल पर केवल प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षणार्थियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। शिविर की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस सेवादल को सौंपी गई है।
कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल : अम्बिकापुर में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव, पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेश तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इन नेताओं के आगमन का विस्तृत कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के सोमवार शाम तक अम्बिकापुर पहुंचने की जानकारी दी गई है। प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों को लेकर प्रदेश संगठन महामंत्री मलकीत गैदू एवं प्रशिक्षण प्रभारी युगल किशोर पाण्डेय रविवार से ही अम्बिकापुर में कैंप कर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur