स्कॉर्पियो छोड़ गन्ने के खेत में छिपे थे आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा; 90 लाख का मशरुका जब्त

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,14 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 138.4 किलोग्राम गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा से भरी स्कॉर्पियो एन वाहन, दो मोबाइल फोन समेत करीब 90 लाख रुपये का मशरुका जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा के ब्रह्मपुर से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। मामले में एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में लुण्ड्रा पुलिस को 13 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा भरकर कुछ लोग ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बरगडीह के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर स्कॉर्पियो सवार वाहन छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गए। पुलिस टीम ने खेत में सर्चिंग अभियान चलाकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलराज सिंह बिन्द्रा (23), निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद और अजय बंसल उर्फ अजय बैसला (23),निवासी इंदिरापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई।
53 पैकेट में मिला 138.4 किलो गांजा : पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर स्कॉर्पियो एन वाहन की तलाशी ली। इसमें 53 पैकेटों में कुल 138.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने जब्त गांजे की कीमत करीब 69 लाख रुपये, स्कॉर्पियो वाहन की कीमत करीब 20 लाख रुपये और दो मोबाइल फोन की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी है। इस तरह कुल जब्ती करीब 90 लाख रुपये की बताई गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के ब्रह्मपुर से स्कॉर्पियो में लादकर उत्तर प्रदेश ले जाना स्वीकार किया है। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। लुण्ड्रा थाने में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 216/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक असफाक अहमद अंसारी,चौकी प्रभारी रघुनाथपुर उप निरीक्षक आर.एन. पटेल, सहायक उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक महेश कुमार तथा आरक्षक शिवप्रसाद खलखो, इबनुल खान, बहाल राम और आशीष की भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur