Breaking News

अम्बिकापुर@प्रेमी की प्रताडऩा से तंग युवती ने दी जान,आरोपी गिरफ्तार

Share


दूसरी युवती से संबंध को लेकर था विवाद,पुलिस जांच में मारपीट और प्रताडऩा की बात सामने आई

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,09 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सीतापारा स्थित किराए के मकान में रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने 5 सितंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने युवती के प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी नैना तिर्की पिता प्रमोद तिर्की अंबिकापुर के सीतापारा में किराए के मकान में रहकर कपड़ा दुकान में काम करती थी। उसका प्रेम संबंध गोधनपुर निवासी अंबिकेश उर्फ गोलू गुप्ता से था। पुलिस जांच में सामने आया कि अंबिकेश का किसी दूसरी युवती से भी संबंध था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, अंबिकेश द्वारा युवती के साथ मारपीट और प्रताडि़त किए जाने की बात जांच में सामने आई है। घटना से करीब दो दिन पहले युवती ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। उसके परिचित अशोक सिंह ने वाट्सऐप कॉल कर हालचाल पूछा तो युवती ने परेशान होने की बात बताई थी। 5 सितंबर की दोपहर युवती ने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका का मोबाइल जब्त कर परिजनों व परिचितों के बयान लिए गए। जांच में प्रेमी द्वारा कथित रूप से की जा रही मारपीट और प्रताडऩा से परेशान होकर युवती के आत्महत्या करने की बात सामने आने पर पुलिस ने अंबिकेश उर्फ गोलू गुप्ता के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई कर रही है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/बिलासपुर@ आईसी मार्ट प्रकरण में हाईकोर्ट से जगत बैद और दीपक बैद को अंतरिम राहत

Share अग्रिम जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा,अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक;पुलिस …

Leave a Reply