Breaking News

उदयपुर@ नगर पंचायत के विरोध में 781 ग्रामीणों ने जताई सहमति

Share


उदयपुर ग्राम सभा में पारित हुआ संकल्प डूमरडीह और झिरमिटी में भी हो चुका है विरोध
संवाददाता-
उदयपुर,09 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
ग्राम पंचायत उदयपुर को डूमरडीह और झिरमिटी को शामिल कर नगर पंचायत बनाने के प्रस्ताव को लेकर ग्रामीणों का विरोध सामने आया है। बुधवार को आयोजित विशेष ग्राम सभा में 781 ग्रामीण उपस्थित हुए। चर्चा के बाद अधिकांश ग्रामीणों ने नगर पंचायत बनाए जाने के विरोध में अपनी राय रखी और इसके खिलाफ संकल्प प्रस्ताव पारित किया। कलेक्टर सरगुजा के आदेश पर 9 सितंबर को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत सभागार में विशेष ग्राम सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा अध्यक्ष फेंकूराम और नोडल अधिकारी विपिन किशोर चौहान के नेतृत्व में हुई सभा में कोरम की पूर्ति के बाद नोडल अधिकारी ने नगर पंचायत गठन से संबंधित प्रस्ताव पढकर सुनाया। इसके बाद ग्रामीणों से राय ली गई। अधिकांश ग्रामीणों ने नगर पंचायत बनाने का विरोध किया। ग्राम पंचायत के समर्थन में अपनी बात रखते हुए संदीप राजवाड़े ने कहा कि नगर पंचायत बनने से ग्रामीणों को प्राप्त पेसा कानून के अधिकार समाप्त हो सकते हैं। साथ ही टैक्स का बोझ बढऩे और मकान निर्माण,बोर खनन सहित अन्य कार्यों के लिए अनुमति लेने कार्यालयों के चक्कर लगाने की स्थिति बनने की आशंका जताई। वहीं नगर पंचायत के पक्ष में युवा मित्र मंडली की ओर से क्रांति कुमार रावत ने कहा कि नगर पंचायत बनने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने स्वच्छता दीदियों को मिलने वाली सुविधाओं के साथ बिजली,पानी,सडक और नाली जैसी नागरिक सुविधाओं में सुधार होने की बात रखी।
पहले भी दो पंचायतों में हो चुका विरोध : उदयपुर में नगर पंचायत गठन के विरोध का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 1 सितंबर को आयोजित ग्राम सभा कोरम पूरा नहीं होने के कारण स्थगित करनी पड़ी थी। इसके बाद 1 सितंबर को डूमरडीह और 7 सितंबर को झिरमिटी में आयोजित ग्राम सभाओं में भी ग्रामीणों ने नगर पंचायत गठन के विरोध में संकल्प प्रस्ताव पारित किया था। बुधवार को उदयपुर में हुई ग्राम सभा में सरपंच प्रताप सिंह, उपसरपंच शेखर सिंहदेव,जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंहदेव,पंचायत सचिव खेलो सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्राम सभा अध्यक्ष की सहमति से नगर पंचायत गठन के विरोध में प्रस्ताव पारित करने के बाद सभा का समापन किया गया।


Share

Check Also

बैकुंठपुर/बिलासपुर@ आईसी मार्ट प्रकरण में हाईकोर्ट से जगत बैद और दीपक बैद को अंतरिम राहत

Share अग्रिम जमानत याचिकाओं पर कोर्ट ने दी अंतरिम सुरक्षा,अगली सुनवाई तक गिरफ्तारी पर रोक;पुलिस …

Leave a Reply