Breaking News

अम्बिकापुर,@ स्ट्रोक के लक्षण पहचानें,समय पर उपचार लें : फिजियोथेरेपिस्ट

Share


विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर सियान गुड़ी सेंटर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम,वरिष्ठजनों ने खेल और मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर अनामिका वेलफेयर सोसायटी के सौजन्य से सियान गुड़ी सेंटर,अंबिकापुर में स्वास्थ्य जागरूकता,खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों से भरपूर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘सेरेब्रोवास्कुलर एक्सीडेंट एवं स्ट्रोक की रोकथाम, प्रबंधन और पुनर्वास’ रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठजनों एवं आम नागरिकों को स्ट्रोक के कारणों,शुरुआती लक्षणों,बचाव, समय पर उपचार तथा पुनर्वास के प्रति जागरूक करना था। विशेषज्ञों ने नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित जीवनशैली और फिजियोथेरेपी को स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. जय शंकर चौधरी, डॉ. खुशबू एवं डॉ. श्रुति ने विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव और फिजियोथेरेपी की उपयोगिता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्ट्रोक के शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज नहीं करने तथा लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही स्ट्रोक के बाद मरीज की शारीरिक क्षमता को बेहतर बनाने में फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।
खेलों में दिखा वरिष्ठजनों का उत्साह : स्वास्थ्य जागरूकता के साथ कार्यक्रम में वरिष्ठजनों के लिए विभिन्न खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। उम्र के इस पड़ाव में भी वरिष्ठजनों का उत्साह देखते ही बना। उन्होंने पूरे जोश के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार इन गतिविधियों का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि वरिष्ठजनों को शारीरिक रूप से सक्रिय रखने के साथ मानसिक प्रसन्नता, आत्मविश्वास और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना भी था।
कविताओं से बांधा समां : कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजन श्री बी.डी. लाल एवं श्री लाल मालवीय ने प्रेरणादायक कविताओं की प्रस्तुति दी। उनकी कविताओं के माध्यम से सकारात्मक सोच रखने, सक्रिय जीवन जीने तथा उम्र के इस पड़ाव में भी उत्साह और आत्मविश्वास बनाए रखने का संदेश दिया गया। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम का संचालन सुश्री रीता अग्रवाल ने किया। उन्होंने अतिथियों एवं वरिष्ठजनों का स्वागत करते हुए विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की निवेदक श्रीमती जानकी सिंह ने अतिथियों, विशेषज्ञों, वरिष्ठजनों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के स्वास्थ्य की देखभाल में शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके मानसिक एवं सामाजिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देना जरूरी है। अंत में सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया। अनामिका वेलफेयर सोसायटी की यह पहल वरिष्ठजनों को स्वस्थ,सक्रिय एवं आत्मविश्वासपूर्ण जीवन के लिए प्रेरित करने के साथ स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में सार्थक प्रयास रही।


Share

Check Also

बैकुण्ठपुर,@ढाई साल से उधार के भवन में तहसील कार्यालय,स्थायी भवन का इंतजार

Share कांग्रेस नेता राजीव गुप्ता ने फेसबुक पोस्ट के जरिए उठाया सवाल,पुराने प्रशासनिक परिसर की …

Leave a Reply