Breaking News

अम्बिकापुर@एआई से लेकर प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग तक, विद्यार्थियों को सिखाई उभरती तकनीक

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,08 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल और रोजगार के अवसरों से जोडऩे के उद्देश्य से मंगलवार को आईबीएम स्किलबिल्ड के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं उभरती प्रौद्योगिकियों पर तकनीकी सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने की। मुख्य वक्ता एआई टेक्नोलॉजी ट्रेनर प्रमेय तिवारी रहे। सेमिनार में विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, जनरेटिव एआई, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग जैसी तकनीकों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि इन तकनीकों का उपयोग केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि औद्योगिक समस्याओं के समाधान, नवाचार और करियर निर्माण में भी किया जा सकता है। कार्यक्रम में आईबीएम स्किलबिल्ड के माध्यम से उपलब्ध तकनीकी पाठ्यक्रमों और प्रशिक्षण अवसरों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वर्षभर आयोजित होने वाले लाइव तकनीकी सत्रों में भाग लेने और आईबीएम विशेषज्ञों से सीखने के अवसर की जानकारी भी दी गई। विभिन्न पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर इंडस्ट्री-रिकग्नाइज्ड डिजिटल स्किल बैज मिलने की जानकारी दी गई, जो विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल और रोजगार क्षमता को मजबूत करने में सहायक होंगे।
दो हजार से अधिक विद्यार्थियों को दे चुके प्रशिक्षण : मुख्य वक्ता प्रमेय तिवारी ने एआई, जनरेटिव एआई, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के व्यावहारिक उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को उभरती तकनीकों के जरिए वास्तविक समस्याओं के समाधान और नवाचार की संभावनाओं से भी अवगत कराया। तिवारी अब तक दो हजार से अधिक विद्यार्थियों को उभरती प्रौद्योगिकियों का प्रशिक्षण दे चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस तरह के कौशल आधारित कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को बदलते तकनीकी दौर के अनुरूप तैयार करने और रोजगार के नए अवसरों से जोडऩे में मदद मिलेगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर,@ स्ट्रोक के लक्षण पहचानें,समय पर उपचार लें : फिजियोथेरेपिस्ट

Share विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर सियान गुड़ी सेंटर में स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम,वरिष्ठजनों ने खेल और …

Leave a Reply