राष्ट्रीय शिक्षक संगोष्ठी में 107 शिक्षकों का चयन,साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए मिला राष्ट्रीय सम्मान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के गोंडा में आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक संगोष्ठी एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान समारोह में सरगुजा की व्याख्याता एवं साहित्यकार अनिता मंदिलवार ‘सपना’ को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान से शिक्षा और साहित्य जगत में सरगुजा का गौरव बढ़ा है। शांति फाउंडेशन,गोंडा द्वारा शांति मेमोरियल स्कूल,अशोकपुर टिकिया,वजीरगंज में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं पद्मश्री डॉ. विजय कुमार शाह मुख्य अतिथि रहे।
डायट गोंडा के प्रवक्ता मो. शरीफ एवं भंते विमल सागर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक स्टेट अवॉर्डी शिक्षक सुनील कुमार आनंद,शांति फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती पिंकी देवी,सचिव गया प्रसाद आनंद एवं शांति मेमोरियल स्कूल के प्रधानाचार्य रमेश आनंद ने अतिथियों एवं सम्मानित शिक्षकों का स्वागत किया।
107 शिक्षकों में हुआ चयन
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य, सामाजिक सरोकार,विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और समाज निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित किया गया। इनोवेटिव टीचर्स ग्रुप ऑफ इंडिया से प्राप्त नवाचारों एवं शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों का चयन समिति द्वारा मूल्यांकन किया गया। इसके बाद चयनित 107 शिक्षकों में अनिता मंदिलवार ‘सपना’ को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा के साथ साहित्य और समाजसेवा में भी पहचान…
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित व्याख्याता अनिता मंदिलवार ‘सपना’ शिक्षा के साथ साहित्य और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उनकी रचनाएं विभिन्न साझा एवं एकल साहित्यिक संग्रहों में प्रकाशित हो चुकी हैं। उनकी साहित्यिक रचनाओं को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स,इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स एवं ऑफिशियल वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान मिल चुका है। वे लंबे समय से आकाशवाणी के महिला कार्यक्रम ‘घर आंगन’ से जुड़ी हैं तथा विभिन्न साहित्यिक एवं सामाजिक संस्थाओं के माध्यम से सेवाएं दे रही हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वर्तमान में अनिता मंदिलवार ‘सपना’ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,असोला,अंबिकापुर,सरगुजा (छत्तीसगढ़) में व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा,साहित्य,समाजसेवा और जनजागरूकता के क्षेत्र में उनकी सक्रियता लगातार बनी हुई है। वर्तमान में वे बाल साहित्य के क्षेत्र में भी कार्य कर रही हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur