भारतीय किसान संघ की संभागीय बैठक में बनी रणनीति 30 सितंबर के दिल्ली महिला सम्मेलन पर भी हुई विशेष चर्चा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। किसानों की समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने अब तहसील से जिला स्तर तक आवाज बुलंद करने की तैयारी शुरू कर दी है। रविवार को सरगुजा संभाग में आयोजित भारतीय किसान संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश की संभागीय बैठक में संगठन के विस्तार से लेकर आगामी आंदोलनों और कार्यक्रमों की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में संभाग प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष माधव सिंह तथा प्रदेश युवा प्रमुख किशोर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। संभाग के विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।
ध्वज व संगठन गीत से हुई शुरुआत : बैठक की शुरुआत विधिवत ध्वजारोहण और संगठन के नारों के साथ हुई। इसके बाद संगठन गीत एवं पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। सभी जिलों में संगठन की गतिविधियों, किसानों से जुड़े मुद्दों और अब तक किए गए कार्यों का वृत्त लिया गया। चर्चा के बाद आगामी कार्यक्रमों को लेकर जिम्मेदारियां और कार्ययोजना तय की गई।
गांव-गांव मनाई जाएगी बलराम जयंती : बैठक में संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके लिए अधिक से अधिक गांवों में सदस्यता अभियान चलाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। साथ ही अधिक से अधिक गांवों में भगवान बलराम जयंती मनाने की योजना बनाई गई।
30 सितंबर के दिल्ली सम्मेलन पर फोकस : बैठक में 30 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महिला सम्मेलन को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। सम्मेलन में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने और इसकी तैयारियों को लेकर जिलास्तर पर आवश्यक कार्य करने पर जोर दिया गया।
तहसील-जिला स्तर पर ज्ञापन और आंदोलन : किसानों की विभिन्न मांगों एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर तहसील और जिला स्तर पर ज्ञापन सौंपने तथा आवश्यकता के अनुसार आंदोलन करने की रणनीति भी तय की गई। संगठन का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और शासन तक प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।
कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने की भी योजना : संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए सभी जिलों में कार्यकर्ता प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा,किसान हित के मुद्दों और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। बैठक में उपस्थित जिला अध्यक्ष सरगुजा रुक्मणी सिंह,जिला उपाध्यक्ष अंजू गुप्ता,धीरज शर्मा,राजेंद्र यादव,देवेश नामदेव, कुमार विकास सिंह,नरेंद्र, विपिन सिंह, अखिल चंद राजवाड़े,जयप्रकाश, मनबोध राजवाड़े,गोपाल कुशवाहा,श्यामलाल साहू, नरेश यादव सहित संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur