Breaking News

अम्बिकापुर@आश्रम में चोरी रोकने पहुंचे तो उल्टा एयरगन से हमला करने की शिकायत,अब प्रबंधन ने बताया अपना पक्ष

Share


ख्रीष्ट मिलन आश्रम प्रबंधन का दावा…कई महीनों से हो रही चोरी,19 अगस्त को भी टीवी,पंप,वायर,पंखे और लोहे का सामान चोरी होने की शिकायत

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। नमनाकला रिंग रोड स्थित ख्रीष्ट मिलन आश्रम परिसर में 4 सितंबर को एयरगन दिखाने को लेकर हुए विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। घटना को लेकर आश्रम प्रबंधन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया है कि परिसर में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाएं हो रही हैं और इसकी शिकायत पुलिस से लगातार की जा रही है। प्रबंधन के अनुसार 4 सितंबर को भी कुछ युवक परिसर में लोहे का सामान उठाकर ले जा रहे थे, जिन्हें रोकने के दौरान विवाद की स्थिति बनी। आश्रम के सुपीरियर एवं संचालक हेरमन मिंज ने बताया कि 4 सितंबर की दोपहर नमनाकला के खटीकपारा निवासी आयुष सोनकर,आजाद सोनकर व उनके अन्य साथी आश्रम परिसर में पहुंचे और लोहे का सामान सहित अन्य सामग्री ले जाने लगे। इसकी जानकारी सह-संचालक विनोद तिर्की को मिली तो उन्होंने उन्हें डराने के लिए चिडि़या मारने वाली एयरगन दिखाई। प्रबंधन का दावा है कि इसके बाद युवक सामान छोड़कर भागने लगे और कुछ लोग कांटेदार जाली से टकराने के कारण मामूली रूप से घायल हुए।
घटना का वीडियो बनाकर
अलग कहानी बताई…

आश्रम प्रबंधन का आरोप है कि कुछ समय बाद संबंधित युवक दोबारा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान घटना का वीडियो बनाया गया और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक परिस्थितियों को छिपाते हुए विनोद तिर्की पर एयरगन और हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया। प्रबंधन ने इसे गलत और निराधार बताया है। मिंज के अनुसार, चोरी की घटना को लेकर पुलिस में शिकायत होने की आशंका के चलते दूसरे पक्ष ने पहले ही थाने में विनोद तिर्की के खिलाफ शिकायत कर दी। आश्रम प्रबंधन ने सवाल उठाया कि यदि परिसर में किसी काम से प्रवेश किया गया था तो बिना अनुमति निजी परिसर में जाने की आवश्यकता क्यों पड़ी।
19 अगस्त की चोरी में भी कई सामान गायब होने का दावा : प्रबंधन ने बताया कि 19 अगस्त 2026 को भी आश्रम परिसर से एक टीवी, ट्यूब पंप,विद्युत वायर,केबल,8 पंखे,लोहे की राड, लोहे के पोल सहित अन्य सामग्री चोरी होने की शिकायत थाने में की गई थी। आश्रम प्रबंधन का दावा है कि परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
पुलिस से कार्रवाई और जब्ती की मांग : सह-संचालक विनोद तिर्की की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आयुष सोनकर,आजाद सोनकर एवं अन्य के खिलाफ निजी परिसर में अनधिकृत प्रवेश, चोरी अथवा चोरी के प्रयास और आपराधिक अतिक्रमण सहित उचित धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही 4 सितंबर को घटनास्थल पर छोड़े गए सामान को जब्त कर पंचनामा तैयार करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। आश्रम प्रबंधन ने कहा है कि परिसर में लगातार चोरी की घटनाओं को देखते हुए दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए,ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply