Breaking News

नई दिल्ली@दिल्ली में 5 मंजिला इमारत गिरी,5 की मौत

Share


दावा…हादसे के वक्त 50 से ज्यादा लोग अंदर मौजूद थे,बेसमेंट में खुदाई हो रही थी


नई दिल्ली,06 सितम्बर 2026। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को एक 5 मंजिला बिल्डिंग गिर गई। इसमें ५ लोगों की मौत हो गई। वहीं,५ गंभीर रूप से घायल हैं। जो इमारत गिरी वो 40-50 साल पुरानी थी। मरने वालों में एक छात्र और एक मजदूर है,जबकि एक की पहचान अभी नहीं हुई है। बिल्डिंग में हॉस्टल चलता था। चश्मदीदों के मुताबिक हादसे के वक्त छात्र कमरों में थे और बेसमेंट में खुदाई चल रही थी। 11 का रेस्क्यू कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में 20-25 कमरे थे और हर कमरे में 2 स्टूडेंट्स रहते थे। हादसे के वक्त अंदर 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। बिल्डिंग के मालिक का नाम आनंद बंसल है,जो गुरुग्राम में रहता है। पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सत्य निकेतन दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास बसा प्रमुख छात्र इलाका है। यहां बड़ी संख्या में छात्र पीजी और हॉस्टल में रहते हैं। इलाके में कई छात्र आवास हैं और आसपास वेंकटेश्वर कॉलेज,आर्यभट्ट कॉलेज,मोतीलाल नेहरू कॉलेज और मैत्रेयी कॉलेज जैसे संस्थान हैं। इसी वजह से यहां दिनभर छात्रों की आवाजाही रहती है। हालांकि,सत्य निकेतन में कुल कितने छात्र रहते हैं,इसका कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। साल 2022 से 2025 तक यानी 3 साल में दिल्ली में बिल्डिंग गिरने के 1133 मामले सामने आए हैं। इन घटनाओं में 98 लोगों की मौत हुई है। सत्य निकेतन इलाके में हुए हादसे की गंभीरता को देखते हुए, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से फोन पर बातचीत की। उन्होंने मुख्यमंत्री से राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
मलबे से अब तक 9 को निकाला गया
अब तक 9 लोगों को मलबे से निकाला गया है। ५ की मौत हो चुकी है। 4 स्टूडेंट्स और दो मजदूर अस्पताल में एडमिट हैं। मृतकों में एक छात्र,एक मजदूर और अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। 4 घायल छात्रों की पहचान अभिषेक,नीरज,आदित्य और एक अन्य की पहचान नहीं हो सकी है। वहीं, दो घायल मजदूरों के नाम असगर अली और अयान हैं।
पीएम मोदी ने जताया गहरा दुःख

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। ५ लोगों की मौत की पुष्टि के बाद, प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर दुख जताते हुए लिखा, ‘दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत के ढहने की घटना बेहद दुखद है। जिन लोगों ने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोया है,उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। अधिकारी घटनास्थल पर मुस्तैदी से काम कर रहे हैं और इस हादसे से प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहे हैं।’
राहुल गांधी बोले…सभी पीडि़तों के साथ हम खड़े

दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढहने की खबर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है। कई लोगों के मलबे में दबे होने की खबर है,जिनमें दिल्ली यूनिवर्सिटी के कई छात्र भी शामिल हैं। मेरी अपील है कि एनडीआरएफ,दिल्ली फायर सर्विस और सभी बचाव दल हर संभव प्रयास करके हर एक छात्र तक पहुँचें,घायलों को तुरंत सर्वोत्तम संभव इलाज मिले,ताकि किसी को भी बचाने में कोई कसर न छोड़ी जाए। कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ता मौके पर मौजूद हैं और हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम सभी पीडि़तों और उनके परिवारों के साथ खड़े हैं। छात्रों का जीवन पहले ही संघर्षों से भरा था,अब हालात जानलेवा हैं। कॉलेज या विश्वविद्यालय में अच्छे हॉस्टल न होने के कारण छात्र पीजी में एक छत के नीचे 40-40 की संख्या में,अमानवीय परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@सरकार को महाराष्ट्र के छात्रों की आवाज सुननी चाहिए नहीं तो छात्रों की गूंज और तेज होगीः राहुल गांधी

Share नई दिल्ली,06 सितम्बर 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि हजारों …

Leave a Reply