बढ़ते बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं से संवाद, विरोध फॉर्म भरवाकर दर्ज कराया असंतोष
-संवाददाता-
बैकुंठपुर 05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिल बढ़ने की शिकायतों और उपभोक्ताओं की कथित परेशानियों को मुद्दा बनाते हुए कांग्रेस ने जनजागरण अभियान शुरू किया है, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’ की पहल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में फॉर्म भरवाए, अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली, पार्टी का कहना है कि कई उपभोक्ताओं में स्मार्ट मीटर को लेकर आशंकाएं हैं और बढ़ते बिजली बिल उनके घरेलू बजट को प्रभावित कर रहे हैं, कांग्रेस ने इसी मुद्दे को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतों और विरोध को संगठित रूप से दर्ज कराने की कवायद शुरू की है।
घर-घर पहुंचकर सुनी उपभोक्ताओं की परेशानी-
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मोहल्लों में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की, इस दौरान उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से संबंधित अपनी आपत्तियां और समस्याएं दर्ज कराने के लिए विरोध फॉर्म उपलब्ध कराए गए, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल राजनीतिक विरोध दर्ज कराना नहीं, बल्कि बिजली उपभोक्ताओं की वास्तविक समस्याओं को सामने लाना है, अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घरों पर ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ लिखे स्टीकर भी लगाए, कांग्रेस ने इसके जरिए सरकार की बिजली व्यवस्था और बढ़ते बिजली बिलों के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया।
आशीष यादव ‘लल्ला’ बोले—जनता पर अतिरिक्त बोझ स्वीकार नहीं-
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’ ने कहा कि बिजली आज हर परिवार की मूलभूत जरूरत है, ऐसे में बिजली व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे उपभोक्ताओं को सुविधा और राहत मिले, न कि उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़े, उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर आम उपभोक्ताओं के मन में कई सवाल और आशंकाएं हैं, बढ़ते बिजली बिलों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और सरकार तथा बिजली विभाग को उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना चाहिए, यादव ने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करेगी, उन्होंने स्पष्ट किया कि घर-घर चलाया जा रहा यह अभियान एक दिन की गतिविधि नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं से लगातार संपर्क कर उनकी समस्याएं दर्ज कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
बिजली बिल बना राजनीतिक मुद्दा-
स्मार्ट मीटर और बिजली बिल का मुद्दा इन दिनों कांग्रेस के राजनीतिक अभियान का प्रमुख हिस्सा बनता जा रहा है, छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों में कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर, बिजली दरों और बढ़े हुए बिलों को लेकर जनसंपर्क एवं विरोध कार्यक्रम शुरू किए हैं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि उपभोक्ताओं को वास्तव में अधिक बिल अथवा मीटर रीडिंग से संबंधित समस्या हो रही है तो बिजली विभाग को शिकायतों की जांच कर पारदर्शी तरीके से समाधान करना चाहिए, वहीं पार्टी ने सरकार से उपभोक्ताओं के हित में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की है, अभियान में स्थानीय कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक शामिल रहे, कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में अभियान को और व्यापक स्तर पर ले जाकर अधिक से अधिक उपभोक्ताओं से संपर्क किया जाएगा तथा प्राप्त शिकायतों और विरोध फॉर्म के आधार पर शासन-प्रशासन के समक्ष जनता की आवाज उठाई जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur