Breaking News

खड़गवां,@ मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिलाया स्वस्थ समाज का संकल्प,30 सितंबर तक टीबी मुक्त खड़गवां का लक्ष्य

Share


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में जल्द आईसीयू और चिरमिरी में मेंटल अस्पताल की तैयारी
स्वस्थ समाज की ओर बड़ा कदम, खड़गवां से सेवा संकल्प अभियान शुरू
खड़गवां से स्वस्थ समाज की हुंकार,मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दिलाया संकल्प
-संवाददाता-
खड़गवां,05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने, गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान करने और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का शुभारंभ शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खड़गवां में स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने किया, अभियान के तहत क्षेत्र में व्यापक स्वास्थ्य जांच,स्क्रीनिंग और उपचार की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कार्यक्रम की शुरुआत पंजीयन काउंटर के निरीक्षण से हुई, स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं पंजीयन व्यवस्था का जायजा लिया और विभिन्न बीमारियों की जांच के लिए बनाए गए विभागवार कक्षों का निरीक्षण किया,उन्होंने अधिकारियों से मरीजों की जांच, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं,स्वास्थ्य सेवाओं और उपचार व्यवस्था की जानकारी ली, इसके बाद छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर मेगा स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया,कार्यक्रम में वंदे मातरम्,राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत की धुन के बीच उपस्थित लोगों ने सहभागिता की। इसके बाद स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
30 सितंबर तक खड़गवां को टीबी मुक्त करने का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि 30 सितंबर को जनपद खड़गवां को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है, उन्होंने कहा कि टीबी समेत गंभीर बीमारियों के खिलाफ सबसे महत्वपूर्ण हथियार समय पर जांच और समय पर उपचार है,उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बीमारी की पहचान शुरुआती स्तर पर हो,ताकि मरीज को गंभीर अवस्था में पहुंचने से पहले उपचार उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले और स्थानीय स्तर पर चलाए जा रहे स्क्रीनिंग अभियानों की भूमिका महत्वपूर्ण है,देश में भी टीबी उन्मूलन के लिए सक्रिय खोज,जांच और उपचार पर लगातार जोर दिया जा रहा है। केंद्रीय टीबी प्रभाग के अनुसार टीबी की जांच और उपचार की सेवाएं स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा स्वास्थ्य अभियान- मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर मनेंद्रगढ़ में मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा,इसके साथ ही 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक लगातार स्वास्थ्य शिविर और स्क्रीनिंग अभियान चलाने की योजना है,इस अभियान में अलग-अलग बीमारियों की जांच के साथ गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा,स्क्रीनिंग के दौरान यदि किसी व्यक्ति में गंभीर बीमारी के लक्षण या समस्या सामने आती है तो उसे आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ अस्पताल अथवा संबंधित चिकित्सा केंद्र भेजा जाएगा,मंत्री के अनुसार सरकार का प्रयास रहेगा कि ऐसे मरीजों के उपचार की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जाए,ताकि जांच के बाद मरीज केवल रिपोर्ट लेकर घर न लौटे,बल्कि उसे जरूरत के अनुसार उपचार की सुविधा भी मिले।
चिरमिरी में तीन दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप- स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि 30 सितंबर से चिरमिरी में तीन दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप आयोजित किया जाएगा, अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने और उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा,उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा, इसका उद्देश्य स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बीमारी की पहचान और उपचार की व्यवस्था को मजबूत करना है।
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में आईसीयू सुविधा पर जोर- क्षेत्र में गंभीर मरीजों के उपचार की सुविधा बढ़ाने को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने महत्वपूर्ण घोषणा की, उन्होंने कहा कि मनेंद्रगढ़ और चिरमिरी में एक माह के भीतर आईसीयू सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है,यदि यह सुविधा शुरू होती है तो गंभीर मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी, वर्तमान में गंभीर मरीजों को उच्च स्तरीय उपचार के लिए दूसरे शहरों की ओर रेफर करना पड़ने की स्थिति में समय और संसाधन दोनों की चुनौती सामने आती है,स्थानीय स्तर पर आईसीयू सुविधा उपलब्ध होने से आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है,हालांकि,इसकी वास्तविक उपयोगिता इस बात पर निर्भर करेगी कि आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सक,प्रशिक्षित स्टाफ, आवश्यक उपकरण,चौबीसों घंटे सेवा और रेफरल व्यवस्था कितनी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराई जाती है।
एक-दो माह में शुरू करने का प्रयास, मेंटल अस्पताल-मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी मंत्री ने क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा की,उन्होंने कहा कि चिरमिरी में मेंटल अस्पताल को एक-दो माह के भीतर शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के लिए स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिवारों को दूसरे शहरों पर निर्भरता कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि अस्पताल के संचालन की सफलता के लिए चिकित्सकीय विशेषज्ञों, काउंसलिंग, नर्सिंग स्टाफ और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता महत्वपूर्ण होगी।
जीवन दीप समितियों की आय में बढ़ोतरी- स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि खड़गवां, चिरमिरी और मनेंद्रगढ़ की जीवन दीप समितियों की आय में वृद्धि हुई है, उन्होंने इसके लिए समिति से जुड़े लोगों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की,उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था केवल सरकारी अस्पतालों और भवनों से मजबूत नहीं होती,बल्कि उसमें काम करने वाले कर्मचारियों,स्थानीय संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका भी महत्वपूर्ण होती है।
जनवरी-फरवरी तक रेलवे प्रोजेक्ट की उम्मीद-कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने क्षेत्र के विकास से जुड़ी अन्य योजनाओं का भी उल्लेख किया,उन्होंने कहा कि जनवरी या फरवरी तक चिरमिरी रेलवे स्टेशन से जुड़ा एक बड़ा रेलवे प्रोजेक्ट शुरू होने की उम्मीद है, उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और कहा कि आने वाले समय में स्वास्थ्य के साथ-साथ आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी से जुड़े क्षेत्रों में भी काम को गति देने का प्रयास किया जा रहा है, इससे पहले भी चिरमिरी में करोड़ों रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जा चुका है, जून 2026 में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में लगभग 5.50 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया था।
स्वास्थ्य सेवाओं की नई परीक्षा- सेवा संकल्प अभियान के जरिए सरकार ने स्वास्थ्य जांच और स्क्रीनिंग को लेकर बड़ा लक्ष्य रखा है, अब इसकी असली सफलता इस बात से तय होगी कि कितने लोगों की स्क्रीनिंग हुई, कितने मरीज चिन्हित हुए,कितनों को समय पर उपचार मिला और गंभीर मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा तक कितनी जल्दी पहुंचाया गया,खड़गवां को टीबी मुक्त घोषित करने का लक्ष्य,17 सितंबर से एक माह तक चलने वाला स्वास्थ्य अभियान, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी में प्रस्तावित आईसीयू और चिरमिरी में मानसिक स्वास्थ्य सुविधा—ये सभी घोषणाएं क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण हैं,अब जनता की नजर इन घोषणाओं के जमीन पर क्रियान्वयन और तय समयसीमा में उपलब्ध होने वाली सुविधाओं पर रहेगी।
बीमारी का इलाज ही नहीं,बीमारी की पहचान भी लक्ष्य-
सेवा संकल्प अभियान की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इसका फोकस केवल अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के इलाज तक सीमित नहीं रखा गया है, अभियान के तहत लोगों की स्क्रीनिंग,बीमारी की शुरुआती पहचान,विशेषज्ञ चिकित्सा तक पहुंच और उपचार को एक साथ जोड़ने की कोशिश की जा रही है,स्वास्थ्य सेवाओं में स्क्रीनिंग का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि कई गंभीर बीमारियां शुरुआती दौर में स्पष्ट लक्षण नहीं देतीं। ऐसे में समय पर जांच बीमारी की पहचान और उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
स्वस्थ समाज के लिए जनभागीदारी जरूरी
कार्यक्रम के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली,नियमित स्वास्थ्य जांच,बीमारी से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प दिलाया,उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है,इसके लिए आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है,लोगों को बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर समय पर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच करानी चाहिए,कार्यक्रम में महापौर राम नरेश राय,खड़गवां भाजपा मंडल अध्यक्ष धर्मपाल सिंह,पूर्व मंडल अध्यक्ष रामलाल साहू,भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष एमसीबी राम प्रताप गुप्ता,युवा नेता अरुणोदय पांडे,धनंजय पांडे,वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश जायसवाल,विधायक प्रतिनिधि राजू नायक,यशवंती सिंह,जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र राय,मनेंद्रगढ़ अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी,डीपीएम शिशिर जायसवाल,खड़गवां डीपीएम राजकुमार रजवाड़े,बीएमओ डॉ. मनीष सिंह सहित जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का घर-घर अभियान

Share बढ़ते बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं से संवाद, विरोध फॉर्म भरवाकर दर्ज कराया असंतोष-संवाददाता-बैकुंठपुर …

Leave a Reply