Breaking News

अम्बिकापुर@ सूखी लकड़ी लेने जंगल गई महिला पर मधुमक्खियों का हमला,इलाज के दौरान मौत

Share


छत्ते के नीचे लकड़ी काटने से भडकीं मधुमक्खियां,भागकर नाली में लेटी फिर भी नहीं छोड़ा,8 दिन तक चला इलाज
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,05 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पोतका में जंगल से सूखी लकड़ी लेने गई 56 वर्षीय महिला पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला जंगल से भागकर तालाब के पास बनी नाली में लेट गई,लेकिन मधुमक्खियां काफी देर तक उसके शरीर पर डंक मारती रहीं। गंभीर हालत में उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब आठ दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, ग्राम पोतका निवासी कुमार पिता गंगादास (56) पिछले दो वर्षों से अपनी छोटी बहन के घर रह रही थी। 29 अगस्त को वह अन्य लोगों के साथ पास के जंगल में सूखी लकड़ी लेने गई थी। बताया गया कि महिला जिस पेड़ से लकड़ी काट रही थी, उसी पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। लकड़ी काटने के दौरान छत्ता प्रभावित होने पर मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं और महिला पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए महिला जंगल से बाहर की ओर भागी और तालाब के पास बनी नाली में जाकर लेट गई। इसके बावजूद मधुमक्खियों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसके शरीर पर लगातार डंक मारती रहीं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे बचाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
पहले उदयपुर, फिर मेडिकल कॉलेज रेफर : परिजन महिला को तत्काल उदयपुर के अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे घर ले आए। 30 अगस्त को तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे संजीवनी 108 की मदद से उदयपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। 31 अगस्त को परिजनों ने महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। हालत गंभीर बनी रहने के कारण उसे लगातार उपचार दिया जा रहा था। 5 सितंबर की सुबह उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। जंगल में लकड़ी लेने के दौरान मधुमक्खियों के छत्ते के आसपास सावधानी बरतने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, ग्रामीण अक्सर जंगल से जलावन के लिए सूखी लकड़ी लेने जाते हैं, ऐसे में पेड़ों पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों की जानकारी और सावधानी बेहद जरूरी है।


Share

Check Also

बैकुंठपुर@ स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का घर-घर अभियान

Share बढ़ते बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं से संवाद, विरोध फॉर्म भरवाकर दर्ज कराया असंतोष-संवाददाता-बैकुंठपुर …

Leave a Reply