सहारनपुर,05 सितम्बर 2026। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार सुबह मस्जिद के एक हिस्से को प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्रशासन के अनुसार,यह हिस्सा सरकारी जमीन पर बना हुआ था। इससे पहले शुक्रवार देर रात मस्जिद को सील कर दिया गया था। सुबह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होते ही कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई। सभी प्रवेश मार्ग बंद कर दिए गए और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। मस्जिद पर हुई कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश और उसके खिलाफ मुस्लिम पक्ष की ओर से दाखिल याचिका से जुड़े मामले में जिला अदालत के फैसले के बाद हुई। गुरुवार को जिला जज सतेंद्र कुमार की अदालत ने मुस्लिम पक्ष की याचिका खारिज कर दी। अदालत ने सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट के 16 जुलाई 2026 के आदेश को बरकरार रखते हुए विवादित जमीन को सरकारी भूमि माना था। प्रशासनिक अधिकारियों ने शुक्रवार देर रात कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को सील कर दिया था। इसके अगले दिन सुबह बुलडोजर मौके पर पहुंचा और उस हिस्से को गिराने की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसे प्रशासन सरकारी जमीन पर निर्मित मान रहा है। कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट के सभी एंट्री पॉइंट बंद कर दिए गए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur