Breaking News

नई दिल्ली@कांग्रेस ने किया बड़ा फेरबदल….पंजाब से बघेल की जगह सचिन पायलट को प्रभारी बनाया गया,कई नेताओं की जिम्मेदारी बदली

Share

नई दिल्ली,05 सितम्बर 2026। कांग्रेस ने शनिवार को संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए सचिन पायलट को चुनावी राज्य पंजाब का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया। उन्होंने भूपेश बघेल की जगह ली है। बघेल को इसी पद पर असम का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का महासचिव प्रभारी नियुक्त किया है। हालांकि,वह कर्नाटक के प्रभारी भी बने रहेंगे। कर्नाटक में हाल ही में सत्ता का सुचारू हस्तांतरण हुआ है। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जबकि गुजरात में विधानसभा चुनाव अगले साल बाद में होंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से अलग-अलग राज्यों के लिए पार्टी पदाधिकारियों को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव और प्रभारी के तौर पर फिर से जिम्मेदारियां सौंपी हैं और नियुक्तियां की हैं।
पदमुक्त हुए नेता
कांग्रेस पार्टी ने संगठन से विदा हो रहे निवर्तमान महासचिवों/प्रभारियों के योगदान की सराहना की है। संगठन में फेरबदल के चलते जितेंद्र सिंह, रमेश चेन्निथला और मणिकम टैगोर को पद से हटाया गया। वहीं, मुकुल वासनिक कांग्रेस के महासचिव के रूप में अपनी सेवाएं जारी रखेंगे।
दिल्ली मीटिंग में चन्नी गुट ने बघेल को हटाने की मांग रखी थी…
3 सितंबर को दिल्ली में कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल, राजा वडि़ंग, प्रताप सिंह बाजवा समेत अन्य नेताओं की बैठक राहुल गांधी की टीम से मीटिंग हुई थी। सूत्रों के अनुसार, इस मीटिंग में पंजाब में चल रही गुटबाजी पर चर्चा हुई। जिसके बाद टीम ने राहुल गांधी को गुटबाजी की रिपोर्ट दी। भूपेश बघेल को लेकर चन्नी खेमा लगातार विरोध कर रहा था और पंजाब में रैलियों के दौरान भूपेश बघेल गो बैक के नारे लगाए गए। चन्नी खेमे ने भूपेश बघेल को बदलने की मांग रखी थी।
पायलट को नया प्रभारी क्यों बनाया…
अंदरूनी कलह और गुटबाजी को खत्म करना : पंजाब कांग्रेस लंबे समय से भीतरी गुटबाजी और नेताओं के बीच आपसी मतभेदों से जूझ रही है। कांग्रेस आलाकमान का मानना है कि सचिन पायलट एक ऐसे संकटमोचक नेता हैं,जो संगठन को एकजुट कर सकते हैं। राजस्थान में खुद राजनीतिक संकट और गुटबाजी का लंबा अनुभव होने के कारण वे पंजाब के नेताओं के बीच तालमेल बिठाने के लिए सबसे मुफीद चेहरा माने गए हैं।
संगठन को मजबूत करना और युवाओं को जोड़ना : सचिन पायलट की छवि एक ऊर्जावान और जमीनी पकड़ रखने वाले नेता की है, जिनका युवाओं के बीच बड़ा क्रेज है। कांग्रेस आलाकमान पंजाब में संगठन को दोबारा पुनर्जीवित करना चाहता है। पायलट की संगठनात्मक क्षमता (जैसा उन्होंने 2018 में राजस्थान में कांग्रेस को जिताकर साबित किया था) का लाभ पार्टी अब पंजाब में उठाना चाहती है।
नए प्रभारियों और महासचिवों की सूची
– भूपेश बघेल : महासचिव/प्रभारी, असम
– रणदीप सिंह सुरजेवाला : महासचिव/प्रभारी,गुजरात (इसके साथ ही कर्नाटक की अतिरिक्त जिम्मेदारी)
– सचिन पायलटः महासचिव/प्रभारी,पंजाब
– सुखदेव भगतः प्रभारी,छत्तीसगढ़
– डॉ. श्रीवेल्ला प्रसादः प्रभारी,महाराष्ट्र
– पीवी मोहनः प्रभारी,आंध्र प्रदेश


Share

Check Also

नई दिल्ली@बच्चों के व्यवहार और रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी नजर रखें शिक्षक : प्रधानमंत्री मोदी

Share नई दिल्ली,05 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की पढ़ाई और …

Leave a Reply