रावण दहन के साथ होगी भव्य आतिशबाजी, संभाग स्तरीय लोकनृत्य व रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता,भगवान श्रीराम की शोभायात्रा निकलेगी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा सेवा समिति ने आगामी विजयादशमी महोत्सव की तैयारियों को लेकर संगठन को नए सिरे से सक्रिय करते हुए नवीन कार्यकारिणी का गठन किया है। समिति की अध्यक्ष श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी के निवास पर आयोजित बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारी अखिलेश सोनी की उपस्थिति में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर आगामी सत्र के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा सर्वसम्मति से की गई। नई कार्यकारिणी में श्रीमती रजनी रविशंकर त्रिपाठी को पुनः अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजेश अग्रवाल,अनिल सिंह मेजर,ललन प्रताप सिंह,मंजूषा भगत और चन्द्रशेखर तिवारी को संरक्षक बनाया गया है। अखिलेश सोनी,भारत सिंह सिसोदिया, विद्यानंद मिश्रा,राजीव विश्वकर्मा, प्रयागराज साहू,राजेश कश्यप,महेंद्र अग्रवाल और विशाल गोस्वामी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। संजय अग्रवाल और मधुसूदन शुक्ला महासचिव होंगे। आकाश गुप्ता,शुभम अग्रवाल और मधु चौदाहा को सचिव बनाया गया है। जयंत जैन,नरेंद्र टुटेजा,दीपक अग्रवाल, नीरज अग्रवाल,देवेंद्र सिंह,वीर सोनी, अमन गुप्ता और अविनाश मंडल सह-सचिव होंगे। दीपक सोनी कोषाध्यक्ष तथा पीयूष कुमार त्रिपाठी को प्रचार-प्रसार प्रमुख सह मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पीजी कॉलेज मैदान में फिर सजेगा दशहरा का भव्य मंच : बैठक में इस वर्ष भी विजयादशमी महोत्सव को भव्य स्वरूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। आयोजन पीजी कॉलेज ग्राउंड में होगा। अंबिकापुर में इस मैदान पर होने वाला सार्वजनिक रावण दहन लंबे समय से दशहरा उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा है। पूर्व वर्षों में यहां रावण के साथ मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन तथा आतिशबाजी देखने बड़ी संख्या में शहर और आसपास के लोग जुटते रहे हैं। इस वर्ष भी आयोजन में विशाल रावण दहन और भव्य आतिशबाजी मुख्य आकर्षण रहेगी। इसके साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को व्यापक मंच देने के लिए संभाग स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता और संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पूर्व के आयोजनों में भी इन दोनों प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को सम्मानित किया जाता रहा है।
भगवान श्रीराम की निकलेगी भव्य शोभायात्रा : विजयादशमी के अवसर पर भगवान श्रीराम,लक्ष्मण और वीर हनुमान की भव्य शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पीजी कॉलेज मैदान पहुंचेगी,जहां धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद रावण दहन होगा। अंबिकापुर में दशहरा आयोजन से पहले श्रीराम की शोभायात्रा निकालने की परंपरा रही है। समिति ने आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू करने का निर्णय लिया है। आने वाले दिनों में कार्यकारिणी की बैठक कर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को लेकर भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur