Breaking News

अम्बिकापुर@चोरी के शक में युवकों पर एयरगन से फायर,गर्दन में छर्रे लगने से एक घायल

Share


आश्रम के ग्राउंड में बैठे थे दोनों युवक,फादर ने गेट बंद कर दौड़ाया;पुलिस ने गिरफ्तार कर एयरगन जब्त की

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। रिंग रोड नमनाकला स्थित ख्रीस्त मिलन आश्रम में चोरी के संदेह में दो युवकों पर एयरगन से फायर करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार दोपहर आश्रम के फादर विनोद तिर्की ने ग्राउंड में बैठे दो युवकों पर एयरगन से गोली चला दी। भागने के दौरान एक युवक आयुष सोनकर के गर्दन में छर्रे लग गए, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद युवकों ने डायल-112 पर सूचना दी। शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने फादर को गिरफ्तार कर एयरगन जब्त कर ली है। बताया गया कि खटिकपारा निवासी एजाज सोनकर और आयुष सोनकर शुक्रवार दोपहर आश्रम के ग्राउंड में बैठे थे। दोनों के वहां धूम्रपान करने की बात सामने आई है। इसी दौरान फादर विनोद तिर्की की नजर उन पर पड़ी। उन्हें आशंका हुई कि दोनों युवक चोरी की नीयत से आश्रम परिसर में घुसे हैं। इसके बाद उन्होंने एयरगन निकालकर दोनों पर फायर कर दिया।
गेट बंद कर दिया, डायल-112 को दी सूचना : एयरगन देखकर दोनों युवक भागने लगे। इसी दौरान आयुष की गर्दन में छर्रे लग गए। घायल युवक का आरोप है कि फादर ने गड़ासा लेकर भी उन्हें दौड़ाया। इसके बाद आश्रम का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। दोनों युवकों ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को आश्रम परिसर से बाहर निकाला। आयुष को अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। घायल आयुष की रिपोर्ट पर पुलिस ने फादर विनोद तिर्की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एयरगन भी बरामद की है। युवकों का आरोप है कि फायरिंग के बाद आश्रम के लोगों ने एयरगन को छिपाने का प्रयास किया और कपड़े में लपेटकर कार से ले जाया गया। हालांकि पुलिस ने फादर के पास से गड़ासा बरामद नहीं किया है।
आर्म्स एक्ट में कार्रवाई : कोतवाली प्रभारी एसआई अखिलेश सिंह ने बताया कि फादर ने युवकों के चोरी की नीयत से आश्रम में घुसने के संदेह में एयरगन से फायर किया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और एयरगन जब्त कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ आग्रह पर डॉक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता

Share अस्पताल के सामने बदहाल सड़क पर रातोंरात शुरू कराया सुधार कार्यबारिश में बार-बार बह …

Leave a Reply