शव घर पहुंचने के बाद दिखे चोट के निशान,दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप,आईजी के निर्देश पर दोबारा हुआ पोस्टमार्टम
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में घरेलू काम करने वाली आदिवासी किशोरी की फांसी पर लटकी लाश मिलने के मामले में परिजनों ने मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि किशोरी की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई और घटना को फांसी का रूप देने की कोशिश की गई। शव घर पहुंचने के बाद शरीर पर चोट के निशान और प्राइवेट पार्ट में सूजन देखने का दावा करते हुए परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की। करौंधा निवासी श्रवण जायसवाल के घर किशोरी घरेलू काम करती थी। वह बलरामपुर जिले की रहने वाली थी और छह भाई-बहनों में एक थी। पिता की मौत हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण एक महिला ने उसे श्रवण जायसवाल के घर घरेलू काम के लिए रखा था। किशोरी वहीं रहकर काम करती थी। मंगलवार शाम श्रवण जायसवाल के घर में किशोरी का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर परिजन भटगांव अस्पताल पहुंचे। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। शव घर ले जाने के बाद अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों ने शरीर पर चोट के निशान देखे। इसके बाद उन्होंने मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।
शव लेकर आईजी कार्यालय पहुंचे परिजन :
परिजन गुरुवार देर शाम शव को पिकअप में लेकर आईजी कार्यालय पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों की मांग पर आईजी के निर्देश से शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर बलरामपुर जिले स्थित अपने गृह ग्राम रवाना हो गए। घटना के चार दिन बाद किशोरी का अंतिम संस्कार किया गया। अब दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि किशोरी की मौत फांसी लगाने से हुई या उसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur