छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किया प्रशंसा-पत्र…स्वास्थ्य मंत्री ने सचिव अमित कटारिया समेत पूरी टीम को दी बधाई…
-न्यूज डेस्क-
रायपुर,03 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरकारी कामकाज में फाइलों की रफ्तार अक्सर चर्चाओं में रहती है, किसी फाइल को एक टेबल से दूसरी टेबल तक पहुंचने में कितना समय लगेगा,यह सवाल आमतौर पर व्यवस्था की कार्यप्रणाली से जुड़ा माना जाता है, लेकिन अब छत्तीसगढ़ के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने ई-ऑफिस प्रणाली के जरिए नस्तियों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जुलाई 2026 में प्रथम स्थान हासिल किया है।
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग,मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर की ओर से 31 अगस्त 2026 को जारी प्रशंसा-पत्र में लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को जुलाई 2026 की अवधि में ई-ऑफिस के माध्यम से नस्तियों के निस्तारण में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया है,प्रशंसा-पत्र पर मुख्य सचिव विकास शील के हस्ताक्षर हैं, शासन की ओर से जारी इस प्रमाण-पत्र को विभाग के लिए प्रशासनिक कार्यप्रणाली और डिजिटल फाइल निस्तारण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फाइलें अब टेबल पर नहीं, ई-ऑफिस में दौड़ रहीं…
सरकारी दफ्तरों में फाइलों के लंबे समय तक लंबित रहने की शिकायतें कोई नई बात नहीं हैं, कई बार एक फाइल के आगे बढ़ने के लिए कई स्तरों से गुजरना पड़ता है, ऐसे में ई-ऑफिस व्यवस्था को सरकारी कामकाज में गति, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जाता है, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने जुलाई 2026 के दौरान इसी डिजिटल प्रणाली के जरिए नस्तियों के निस्तारण में बेहतर प्रदर्शन किया, शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी प्रशंसा-पत्र में विभाग को अन्य विभागों की तुलना में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर प्रथम स्थान दिए जाने की पुष्टि की गई है, यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि स्वास्थ्य विभाग का काम सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ा हुआ है, अस्पताल, चिकित्सकीय सेवाएं, दवाइयां, स्वास्थ्य योजनाएं, मानव संसाधन और विभागीय प्रशासन से जुड़े अनेक निर्णय लगातार प्रक्रिया में रहते हैं, ऐसे में फाइलों का समय पर निस्तारण प्रशासनिक व्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने दी पूरी टीम को बधाई…
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी, उन्होंने ई-ऑफिस के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ कार्य करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया सहित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की,मंत्री ने अपने संदेश में विभागीय टीम को इसी तरह निष्ठा और समर्पण के साथ उत्कृष्ट कार्य करते हुए स्वास्थ्य विभाग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की शुभकामनाएं दीं।
डिजिटल व्यवस्था से बढ़ सकती है जवाबदेही…
ई-ऑफिस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह माना जाता है कि फाइलों की आवाजाही डिजिटल माध्यम से दर्ज होती है, इससे यह पता लगाना अपेक्षाकृत आसान होता है कि कोई नस्ती किस स्तर पर है और उसके निस्तारण में कितना समय लगा, स्वास्थ्य विभाग का जुलाई में प्रथम स्थान प्राप्त करना यह संकेत देता है कि डिजिटल फाइल प्रणाली के इस्तेमाल में विभाग ने प्रभावी प्रदर्शन किया है, हालांकि वास्तविक प्रशासनिक सुधार का आकलन केवल निस्तारित नस्तियों की संख्या से नहीं,बल्कि निर्णयों की गुणवत्ता,समयबद्धता और आम लोगों को मिलने वाले परिणामों से भी होना चाहिए,यानी ई-ऑफिस में फाइल तेज दौड़े, यह अच्छी बात है,लेकिन उस फाइल से निकला आदेश जमीन पर कितनी तेजी से पहुंचता है,असली परीक्षा वहां होगी।
प्रशंसा के साथ अब चुनौती भी बड़ी
शासन की ओर से प्रथम स्थान का प्रशंसा-पत्र मिलने के बाद विभाग के सामने इस प्रदर्शन को लगातार बनाए रखने की चुनौती भी होगी, जुलाई में हासिल उपलब्धि को केवल एक महीने की सफलता तक सीमित रखने के बजाय यदि विभाग इसे नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाता है, तो इसका सीधा लाभ प्रशासनिक दक्षता को मिल सकता है, खासकर स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग में लंबित नस्तियों का समय पर निस्तारण कई प्रशासनिक निर्णयों को गति दे सकता है, यही वजह है कि ई-ऑफिस में मिली यह उपलब्धि महज एक रैंकिंग नहीं, बल्कि विभागीय कामकाज को डिजिटल और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखी जा रही है, अब देखना होगा कि जुलाई की यह ‘प्रथम रैंक’ आगे भी बरकरार रहती है या फिर दूसरे विभाग ई-ऑफिस की इस दौड़ में स्वास्थ्य विभाग को पीछे छोड़ने के लिए अपनी फाइलों को और तेज दौड़ाते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur