-संवाददाता-
अम्बिकापुर,03 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय असोला में संस्कृत दिवस के अवसर पर संस्कृत सप्ताह समारोह का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। सप्ताहभर विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में भाग लेकर संस्कृत भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह के प्रथम दिवस मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। दीप ज्योति मंत्र और सरस्वती वंदना से विद्यालय परिसर संस्कृतमय हो उठा। विद्यार्थियों ने संस्कृत के सरल शब्दों एवं वाक्यों का बोलचाल में प्रयोग करते हुए अपना परिचय, प्रश्नोत्तरी,अभिनय सहित विभिन्न रोचक प्रस्तुतियां दीं। सप्ताहभर नृत्य, नाटक,संस्कृत गीत,सूक्ति,श्लोक,वाद-विवाद, निबंध लेखन,भाषण,चित्रकला और अभिनीत कहानी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। संस्कृत शिक्षिका श्रीमती दीपलता देशमुख के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संस्कृत गीतों की प्रस्तुति एवं उन पर आधारित नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती … गौर ने विद्यार्थियों को संस्कृत सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और संस्कारों को समझने तथा संरक्षित रखने में संस्कृत भाषा का महत्वपूर्ण स्थान है। संस्कृत को केवल विषय के रूप में नहीं,बल्कि दैनिक बोलचाल में भी प्रयोग करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा दसवीं की छात्राओं सुषमा यादव एवं ज्योति ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए संस्कृत भाषा के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur