सीतापुर में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में प्रदर्शन,15 अक्टूबर के बाद नवनिर्माण का भरोसा
-संवाददाता-
सीतापुर,02 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सडक की बदहाली और मरम्मत की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेसियों ने पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के नेतृत्व में सीतापुर में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। पूर्व मंत्री के निवास के सामने दोपहर 12 बजे आयोजित जनसभा में उन्होंने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक पर सडक की अनदेखी का आरोप लगाया। अमरजीत भगत ने कहा कि तीन साल में विधायक सीतापुर की करीब तीन किलोमीटर सडक का निर्माण नहीं करा सके। सडक पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग को कई बार चेतावनी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। जनसभा के बाद दोपहर करीब 3 बजे कांग्रेसियों ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
15 अक्टूबर के बाद शुरू होगा नवनिर्माण : प्रदर्शन के दौरान एसडीएम और नेशनल हाईवे के इंजीनियर की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया। पूर्व मंत्री ने बताया कि 15 अक्टूबर के बाद सडक का नवनिर्माण शुरू किया जाएगा। इससे पहले सडक के सभी गड्ढों को भरने का आश्वासन दिया गया है। लिखित आश्वासन मिलने के बाद कांग्रेसियों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur