
पुलिस विभाग ने भावभीनी विदाई देकर किया सम्मान,एसपी योगेश कुमार पटेल ने शॉल-श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट किए
-संवाददाता-
सूरजपुर,02 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। पुलिस विभाग में वर्षों तक अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने के बाद निरीक्षक जे.एस. कंवर एवं उप निरीक्षक रामप्रताप साहू सोमवार,31 अगस्त 2026 को शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए, जिला पुलिस कार्यालय सूरजपुर में आयोजित विदाई समारोह में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी और उनके लंबे सेवाकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
निरीक्षक जे.एस. कंवर ने पुलिस विभाग में 40 वर्ष 5 माह तथा उप निरीक्षक रामप्रताप साहू ने 35 वर्ष 10 माह तक अपनी सेवाएं दीं। दोनों अधिकारियों के लिए यह सेवानिवृत्ति केवल शासकीय सेवा से विदाई का अवसर नहीं,बल्कि दशकों लंबे पुलिस सेवाकाल के अनुभवों,जिम्मेदारियों और यादों को समेटने का भी भावुक क्षण रहा।
एसपी ने किया सम्मानित-विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने दोनों अधिकारियों को उनके दीर्घ सेवाकाल एवं विभाग के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया, पुलिस अधीक्षक ने शॉल,श्रीफल,स्मृति चिन्ह एवं उपहार भेंट कर दोनों अधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया,इस अवसर पर एसपी योगेश कुमार पटेल ने कहा कि पुलिस विभाग में चार दशक से अधिक समय तक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देना अपने आप में गौरवपूर्ण उपलब्धि है,उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया तथा अपने अनुभवों से अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन भी किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों से जुड़ी होती है,कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम,आमजन की सुरक्षा तथा जरूरत के समय लोगों की सहायता करने में पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। दोनों अधिकारियों ने लंबे सेवाकाल के दौरान इन दायित्वों का निर्वहन किया, एसपी ने उनके स्वस्थ,सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
अनुभव साझा करते हुए हुए भावुक- समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे निरीक्षक जे.एस. कंवर एवं उप निरीक्षक रामप्रताप साहू ने भी पुलिस सेवा के दौरान प्राप्त अनुभवों को साझा किया, उन्होंने अपने सेवाकाल में सामने आई चुनौतियों,महत्वपूर्ण कार्यवाहियों और यादगार घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पुलिस सेवा में रहते हुए आमजन की सुरक्षा और सेवा को हमेशा प्राथमिकता देने का प्रयास किया, दोनों अधिकारियों ने विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों,सहकर्मियों और अधीनस्थ कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि लंबे समय तक एक परिवार की तरह पुलिस विभाग के साथ काम करने के बाद सेवा से विदाई लेना भावुक क्षण है। हालांकि सेवानिवृत्ति के बाद भी पुलिस विभाग और सहकर्मियों से जुड़ी यादें हमेशा साथ रहेंगी।
परिजनों की मौजूदगी ने बढ़ाया भावुक पल-विदाई समारोह में जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के साथ बिताए सेवाकाल के अनुभवों को याद किया, सहकर्मियों ने उनके व्यवहार, कार्यशैली और विभागीय योगदान की चर्चा करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं, समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजनों की मौजूदगी ने माहौल को और भावुक बना दिया। पुलिस परिवार के सदस्यों ने भी दोनों अधिकारियों के स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन,एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा,सीएसपी बेनार्ड कुजूर,डीएसपी मुख्यालय महालक्ष्मी कुलदीप एवं रक्षित निरीक्षक अशोक गिरी सहित जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन उपस्थित रहे, समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के दीर्घ सेवाकाल को सम्मान के साथ याद करते हुए कहा कि उनकी सेवाएं विभाग के लिए महत्वपूर्ण रही हैं,पुलिस विभाग की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur